अधूरी सड़क पर टोल का झटका, दुबियाखाड़ प्लाजा पर वसूली से भड़के लोग

अधूरी सड़क पर टोल का झटका, दुबियाखाड़ प्लाजा पर वसूली से भड़के लोग

बेतला़ रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य पूरा हुए बिना ही दुबियाखाड़ के पास टोल टैक्स की वसूली शुरू कर दी गयी है. पिछले दो दिनों से शुरू हुई इस वसूली ने बेतला, गारू और बरवाडीह क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सबसे ज्यादा नाराजगी स्थानीय वाहन चालकों में है, जिन्हें मात्र 15 किमी के दायरे में होने के बावजूद हर फेरे पर भारी टैक्स चुकाना पड़ रहा है. आर्थिक बोझ से दबा आम आदमी : स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बेतला और बरवाडीह इलाके के लोगों का मुख्य बाजार मेदिनीनगर ही है. छोटे व्यवसायी, मरीज और निजी काम से आने-जाने वाले लोगों को दिन भर में कई बार इस मार्ग से गुजरना पड़ता है. हर बार टोल टैक्स देने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है. शनिवार, रविवार और सोमवार को बेतला पहुंचे पर्यटकों को भी इस वसूली का सामना करना पड़ा, जिससे पर्यटन पर भी असर पड़ने की आशंका जतायी जा रही है. सड़क अधूरी, वसूली पूरी, ग्रामीणों का तर्क : विरोध कर रहे लोगों का तर्क है कि जब तक सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक टैक्स लेना अनुचित है. ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि यदि स्थानीय लोगों को टोल से मुक्त नहीं किया गया और अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे. वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय आधार कार्ड या पास की सुविधा प्रदान की जाये. विधायक ने अधिकारियों से की बात : इस संबंध में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि टोल टैक्स को लेकर जनता की परेशानी संज्ञान में है. उन्होंने इस मामले को लेकर विभागीय उच्चाधिकारियों से वार्ता की है. विधायक ने भरोसा दिलाया है कि स्थानीय लोगों को राहत दिलाने के लिए जल्द ही कोई ठोस समाधान निकाला जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >