बरवाडीह़ प्रखंड के गढ़वाटांड़ स्थित वार्ड संख्या 9 में रविवार को पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर भारी हंगामा हुआ. वार्ड सदस्य गीता सिंह और समाजसेवी श्यामली शर्मा के नेतृत्व में काफी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य रुकवा दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की घोर अनदेखी की जा रही है. बिना सोलिंग किये सीधे मिट्टी के ऊपर बालू डालकर पीसीसी ढलाई की तैयारी थी, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गये हैं. गुणवत्ता पर उठे सवाल, मानकों की अनदेखी : प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि पूर्व में भी इसी तरह घटिया निर्माण कराया गया था, जो महज छह माह के भीतर ही जर्जर हो गया. वार्ड सदस्य गीता सिंह ने दो टूक कहा कि अब उनके क्षेत्र में किसी भी विकास योजना का क्रियान्वयन उनकी सीधी देखरेख में होगा. उन्होंने कहा कि वार्ड की महिलाएं और स्थानीय ग्रामीण मिलकर कार्य की निगरानी करेंगे और किसी बाहरी बिचौलिये को काम करने की अनुमति नहीं दी जायेगी. ग्रामीणों के अनुसार, मनरेगा और 15वीं वित्त आयोग की योजनाओं में लगातार अनियमितता बरती जा रही है. इस विरोध प्रदर्शन में अनीसा देवी, प्रेमा देवी, रानी देवी, कविता देवी, सुषमा देवी, मानो देवी सहित दर्जनों ग्रामीण महिलाएं शामिल थीं.
घटिया सड़क निर्माण पर बिफरीं ग्रामीण महिलाएं, काम रोका
घटिया सड़क निर्माण पर बिफरीं ग्रामीण महिलाएं, काम रोका
