मां नगर भगवती की अराधना के साथ नये साल का आगाज, पिकनिक स्पॉट भी है तैयार

मां नगर भगवती की अराधना के साथ नये साल का आगाज, पिकनिक स्पॉट भी है तैयार

चंदवा़ नया साल 2026 का आगाज हो चुका है. नये वर्ष के पहले दिन नये उमंग के साथ लोग इसकी शुरुआत करना चाहते है. नये वर्ष को लेकर हर ओर उमंग व मस्ती है. बच्चों समेत बड़ों की टोली भी पिकनिक के मूड में दिख रही है. साल का पहला दिन लोग खूब म��्ती व इंज्वाय करना चाह रहे है. वैसे साल के पहले दिन की शुरुआत लोग अपने-अपने तरीके से पूजा-पाठ व अराधना के साथ करेंगे. प्रभात खबर की अपील है कि वाहन चलाते समय परिवहन नियमों का पालन करें. नशे में वाहन नहीं चलायें. पिकनिक स्पॉटों पर भी बदमाशी नहीं करें. फिसलन वाले जगह पर जाने से बचें. मां नगर भगवती दरबार : प्रखंड में मां नगर भगवती की अराधना के साथ ही काफी संख्या में लोग यहां नये साल की शुरुआत करेंगे. मंदिर समिति व प्रशासन की ओर से यहां सुरक्षा को लेकर व्यवस्था की गयी है. पूजा-पाठ के बाद मंदिर के आसपास व पीछे मनोरम वादियों में पिकनिक व मस्ती करेंगे. नगर डैम व इसके आसपास भी लोग काफी संख्या में पिकनिक मनाने जाते हैं. लातेहार के अलावे रांची, पलामू, चतरा, गढ़वा, लोहरदगा समेत अन्य जिलों से भी यहां काफी संख्या में श्रद्धालु पूजा करने आते हैं. झुनझुनिया फॉल : चंदवा-माल्हन-मैक्लुस्कीगंज पथ पर कुरमी टोला गांव के समीप से ढोंटी गांव जानेवाले पथ पर यह फॉल स्थित है. यह स्थान भी काफी मनोरम है. चंदवा के अलावे लातेहार व रांची जिला के कई लोग यहां पिकनिक मनाने आते हैं. कांति फॉल : बात पिकनिक की हो तो कांति फॉल का अलग ही रोमांच है. एक जनवरी को काफी संख्या में लोग यहां इंज्वाय करने आते हैं. दिनभर खा-पीकर मस्ती कर शाम तक घर लौट जाते हैं. यह फॉल एनएच-75 पर लाधुप-सेन्हा गांव से हेसला जानेवाले पथ पर है. एनएच पर कांति झरना द्वार भी बना है. दूर तक फैली चट्टानों की चादर व ऊंचाई से गिरता पानी लोगों को रोमांचित करता है. 27 नंबर रेलवे पुल : यह स्थान चंदवा और कुड़ू थाना के सीमाने पर है. चंदवा-लुकूइयां-चांपी-लोहरदगा पथ पर 27 नंबर रेलवे पुल का बोर्ड लगा है. यहां से भीतर जाने पर झारखंड का सबसे ऊंचा रेलवे पुल दिखायी देता है. नीचे चट्टानाें के बीच से होकर पानी की कलकल धारा पिकनिक का रोमांच बढ़ाती है. उपर से यह जंगल काफी विहंगम दिखायी देता है. लातेहार, लोहरदगा व रांची जिले के कई लोग यहां पिकनिक मनाने आते हैं. बोरसीदाग शिव मंदिर : प्रखंड में बोरसीदाग गांव स्थित शिव मंदिर व इसके आसपास की सुंदरता काफी आकर्षित करती है. शिव मंदिर के बगल से होकर गुजरते देवनद यहां की खूबसूरती को चार चांद लगाती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >