बारियातू़ स्थानीय प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में बुधवार को सीओ कोकिला कुमारी की अध्यक्षता में पेसा कानून व पेसा नियमावली-2025 को लेकर बैठक हुई. इसमें पेसा नियमावली के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी. सरकार के पत्रांक 523 (दिनांक 23 मई 2026) के आलोक में पेसा नियमावली-2025 के अध्याय-02 की कंडिका तीन, चार, पांच व छह के तहत पारंपरिक ग्राम, ग्रामसभा व उनकी सीमा के प्रकाशन से संबंधित विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया. सीओ ने बताया कि उपायुक्त लातेहार व पंचायत राज निदेशालय, झारखंड के निर्देश पर अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभा की संवैधानिक भूमिका को सशक्त बनाने व पारंपरिक व्यवस्थाओं को विधिक आधार प्रदान करने के उद्देश्य से यह नियमावली लागू की गयी है. इस दौरान प्रखंड स्तर पर एक विशेष समिति के गठन को लेकर भी चर्चा हुई. इसमें सर्वसम्मति से साल्वे पंचायत की पंचायत समिति सदस्य सह उपप्रमुख उर्मिला देवी का मनोनयन किया गया. साथ ही, अन्य विभागों से भी सदस्यों का चयन कर समिति गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर सहमति बनी. मौके पर अंचल निरीक्षक पियूष कुमार सिंह, लिपिक कपिलदेव सिंह, पंसस सोनी देवी, सावित्री देवी, जया देवी, उमेश उरांव,राजेश मोची समेत कई कर्मी व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे.
पेसा नियमावली को लेकर बैठक, उर्मिला देवी समिति की सदस्य मनोनीत
पेसा नियमावली को लेकर बैठक, उर्मिला देवी समिति की सदस्य मनोनीत
