लातेहार से सुमित कुमार की रिपोर्ट
चंदवा,लातेहार: चंदवा-चांपी-लोहरदगा पथ पर चंदवा थाना क्षेत्र की डेढ़टंगवा घाटी में शनिवार की दोपहर बाद भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में एक बच्चा, एक महिला और पांच पुरुष शामिल हैं.
कंटेनर ने बाइक और ऑटो को रौंदा
बताया जाता है कि लोहरदगा की ओर से आ रहा एक भारी कंटेनर चंदवा की ओर जा रहा था. इसी दौरान चंदवा से लोहरदगा की ओर जा रही बाइक और एक ऑटो को उसने चपेट में ले लिया. दुर्घटना में बाइक सवार महिला और एक बच्चे की मौत हो गयी, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, ऑटो में सवार पांच लोग हादसे की चपेट में आ गये.
तीखे ढलान पर कंटेनर ने पहले बाइक को रौंदा और इसके बाद सामने से आ रहे ऑटो को चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गये. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
खबर लिखे जाने तक प्रशासन और स्थानीय लोग कंटेनर के नीचे दबे अन्य लोगों को निकालने के प्रयास में जुटे थे. अब तक मृतकों की पहचान नहीं हो पायी थी.
डेढ़टंगवा घाटी में लगातार हो रहे हादसे
बताया जाता है कि डेढ़टंगवा घाटी अब मौत की घाटी बन गयी है. तीखे ढलान के कारण आए दिन भारी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने और उनकी चपेट में आने से लोगों की जान जा रही है.
अधिकारी पहुंचे घटनास्थल पर
घटना की सूचना मिलने के बाद राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित कुमार झा, पुलिस निरीक्षक मनोरंजन कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य चलाया गया.
