latehar news : पति ने दोस्तों के साथ मिल कर की थी पत्नी की हत्या, पुलिस ने चार दिनों के अंदर किया गिरफ्तार

15 सितंबर को पुलिस ने महिला रूखसाना बानो (20) का शव बरामद किया था. चार दिनों के अंदर ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है

लातेहार : जिले के हेरहंज-पांकी पथ पर 15 सितंबर को पुलिस ने महिला रूखसाना बानो (20) का शव बरामद किया था. पुलिस ने चार दिनों के अंदर इस हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले का खुलासा करते हुए प्रशिक्षु आइपीएस हरविंदर सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि महिला का पति चंदन कुमार चंद्रवंशी ने चरित्रहीनता के संदेह में अपने दो दोस्तों के साथ मिल कर उसकी हत्या की थी.

हत्या के बाद हेरहंज थाना में कांड संख्या 37/2020 के तहत मामला दर्ज किया था. उन्होंने बताया कि शव बरामद होने के बाद मृतक महिला की तसवीर मीडिया में प्रकाशित होने के बाद मृत महिला के परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया. परिजनों ने बताया कि फरवरी 2020 में रूखसाना बानो ( झरहा, लेस्लीगंज) ने चंदन कुमार चंद्रवंशी से प्रेम विवाह किया था.

श्री सिंह ने बताया कि चंदन को अपनी पत्नी पर किसी दूसरे पुरुष के साथ अवैध संबंध रखने की जानकारी मिली थी. इसके बाद उसने उसे अपने रास्ते से हटाने की योजना बनायी. इस मामले के अनुसंधान करने पर पता चला कि 15 सितंबर को चंदन एक किराये का एक अल्टो (जेएच 01 डीजेड-8805) लेकर अपनी पत्नी के साथ कहीं जा रहा था.

रास्ते में ही उसने अपने दो दोस्तों ओम प्रकाश गुप्ता उर्फ मंटू साव व गोपाल ठाकुर (दोनों जामुनडीह, लेस्लीगंज, पलामू) को फोन कर बुला लिया था. योजना के तहत रूखसाना को वाहन से उतार कर तीनों ने मिल कर वाहन से कुचल कर मार दिया. महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.

इसके बाद उन्होंने शव को छिपाने की नियत से पांकी-हेरहंज पथ पर फेंक दिया था. प्रेसवार्ता में मनिका थाना प्रभारी प्रभाकर मुंडा, हेरहंज थाना प्रभारी जगदेव पाहन तिर्की, सअनि जानू कुमार आदि शामिल थे.

posted by : sameer oraon

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >