केचकी संगम पर अब मनाली और ऋषिकेश जैसा रोमांच, शुरू हुई एटीवी राइड

केचकी संगम पर अब मनाली और ऋषिकेश जैसा रोमांच, शुरू हुई एटीवी राइड

बेतला़ पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल केचकी संगम अब नये कलेवर में नजर आयेगा. सैलानियों को अब यहां मनाली, गुलमर्ग और ऋषिकेश की तर्ज पर एडवेंचर बाइकिंग का रोमांच मिलेगा. पीटीआर प्रबंधन ने पहली बार पर्यटकों के लिए एटीवी (ऑल टेरेन व्हीकल) राइड सेवा शुरू की है, जिसे एडवेंचर प्रेमियों के लिए विशेष उपहार माना जा रहा है. यह पहल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसर भी सृजित करेगी. रेतीले किनारों और पथरीले रास्तों पर दौड़ेगी धूल उड़ाती गाड़ी : केचकी संगम अपनी प्राकृतिक सुंदरता और फिल्म शूटिंग के लिए पहले से ही विख्यात है. अब औरंगा और कोयल नदियों के संगम के रेतीले किनारों, पथरीले रास्तों व घने जंगलों के बीच एटीवी की सवारी युवाओं को आकर्षित कर रही है. चार बड़े और कम दबाव वाले टायरों के कारण यह वाहन कीचड़, रेत और उन दुर्गम रास्तों पर भी आसानी से चल पा रहा है, जहां सामान्य कारें नहीं पहुंच पातीं. किफायती शुल्क : 100 रुपये में एक राउंड का सफर : पीटीआर प्रबंधन ने इस साहसिक सुविधा को आम लोगों के बजट में रखा है. केचकी संगम तट पर तैनात वनकर्मियों के अनुसार, पर्यटकों को एटीवी राइड के लिए प्रति व्यक्ति मात्र 100 रुपये (एक राउंड) का शुल्क देना होगा. कोलकाता से आये पर्यटक अभय सेन ने बताया कि केचकी की खूबसूरती लाजवाब थी ही, लेकिन रेतीले तट पर एटीवी चलाना एक शानदार अनुभव रहा. पर्यटकों को आधुनिक रोमांच से जोड़ने का प्रयास : जेना : पीटीआर के क्षेत्रीय उपनिदेशक प्रजेश कांत जेना ने कहा कि हमारा उद्देश्य पर्यटकों को प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ आधुनिक रोमांच से जोड़ना है. केचकी में एटीवी राइड इसी दिशा में एक कदम है. भविष्य में सुरक्षा मानकों के साथ अन्य इको-पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >