लातेहार ़ समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिले के गैस एजेंसी प्रतिनिधियों और आपूर्ति विभाग की बैठक हुई. इसका मुख्य उद्देश्य गैस वितरण और जन वितरण प्रणाली को पारदर्शी, सुचारू और प्रभावी बनाना था. उपायुक्त ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाये. बैठक में गैस सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूशन, लंबित आपूर्ति और होम डिलीवरी व्यवस्था की गहन समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने कहा कि उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा नियमों के तहत दी जाये. इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों का अक्षरशः अनुपालन करने का निर्देश दिया. राशन वितरण और ई-केवाइसी की हुई समीक्षा : दूसरी ओर, आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन उठाव व वितरण, झारखंड खाद्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री दाल-भात योजना और चना दाल वितरण योजना की प्रगति जानी. इसके साथ ही लाभुकों के ई-केवाइसी, पीजीएमएस शिकायतों के निवारण और सुसुप्त राशन कार्डों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गयी. पात्र लाभुकों को समय पर दें योजनाओं का लाभ : उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी ढंग से योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए. राशन वितरण में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और जनसेवक उपस्थित थे.
राशन और गैस वितरण में पारदर्शिता बरतने का निर्देश
राशन और गैस वितरण में पारदर्शिता बरतने का निर्देश
