चंदवा़ चंदवा-कामता-सेरक पथ स्थित पोकेया नदी में स्थानीय ग्रामीणों ने शुक्रवार तड़के एक युवक का शव देखा. इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी. चंदवा पुलिस ने शव को जब्त कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी थी. प्रथम दृष्टया पुल से नीचे गिरने के कारण उसकी मौत का अनुमान लगाया जा रहा है. मृतक की शिनाख्त श्याम लोहरा पिता प्रकाश लोहरा (कुंदो, कुड़ू-लोहरदगा) के रूप में की गयी. जानकारी के अनुसार मृतक श्याम लोहरा का ससुराल सेरक पंचायत के निंद्रा गांव में है. यह अपने ससुर के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने गुरुवार की शाम बाइक की मदद से निंद्रा गांव जा रहा था. उनके साथ बाइक पर दो अन्य लोग भी सवार थे. इसी दौरान उक्त पुलिया के समीप बाइक असंतुलित हो गयी. इससे श्याम पुल से नीचे गिर गया. घटना के बाद साथ जा रहे दोनों लोग वहां से भाग निकले. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी गयी है. वहीं, पोकेया गांव के ग्रामीणों की माने तो यह पुलिया काफी खतरनाक है. यह काफी संकरा है. साथ ही पुलिस के समीप गार्डवाॅल भी नहीं है. इस कारण यहां अक्सर दुर्घटना होते रहती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
