डीसी ने किया सीएचसी व प्रखंड-अंचल कार्यालय का निरीक्षण,
अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया
अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया
चंदवा. उपायुक्त संदीप कुमार बुधवार की दोपहर अचानक चंदवा पहुंचे और प्रखंड सह अंचल कार्यालय व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने कैश बुक संधारण, साफ-सफाई और आम जनता को दी जा रही सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की. उपस्थिति पंजी की जांच के दौरान अनुपस्थित पाये गये कर्मियों पर नाराज़गी जतायी और उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया. लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना. इसके बाद वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां सीएचसी प्रभारी डॉ. नीलिमा कुमारी से दवा उपलब्धता, चिकित्सकीय सुविधाओं और अस्पताल परिसर की स्वच्छता पर जानकारी ली. उन्होंने आयुष्मान वाटिका और ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना. दवा वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने और स्वच्छता बनाये रखने का आदेश
उपायुक्त ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने और अस्पताल परिसर की स्वच्छता बनाये रखने का आदेश दिया. इस निरीक्षण में प्रखंड के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. उपायुक्त की इस पहल से सरकारी कार्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में सक्रियता बढ़ी है तथा अधिकारियों-कर्मियों को स्पष्ट संदेश गया है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होगा.