बालूमाथ में हथियार के बल पर रोका कोयला लदा हाइवा, लगायी आग

बालूमाथ में हथियार के बल पर रोका कोयला लदा हाइवा, लगायी आग

बालूमाथ (लातेहार)़ बालूमाथ कोयला साइडिंग के समीप सोमवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर एक कोयला लदे हाइवा (जेएच19ई-3276) को रोककर उसमें आग लगा दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घटना के संबंध में हाइवा चालक जगरनाथ गंझु (ग्राम ओल्हेपाट, बालूमाथ) ने बताया कि वह मगध कोलियरी के चमातु से अडानी पावर का कोयला लेकर बालूमाथ साइडिंग की ओर जा रहा था. इसी दौरान गोपाली ढाबा के समीप (बालूमाथ रेलवे साइडिंग) दो अपराधी पिस्तौल के बल पर उसकी गाड़ी को रोक दिया. जबकि उनके तीन अन्य साथी कुछ दूरी पर खड़े थे. चालक की मानें तो हाइवा रोकने के बाद अपराधियों ने धमकी देते हुए कहा कि बहुत तेज बनते हो. इसके बाद अपने साथ जर्किन में लाये पेट्रोल को गाड़ी पर छिड़क कर आग लगा दी. आग लगाते ही सभी अपराधी मौके से फरार हो गये. घटना में हाइवा के पिछले हिस्से में भीषण आग लग गयी, जिससे वाहन के छह टायर समेत कई सामान जलकर राख हो गये. मौके पर मौजूद अन्य हाइवा व ट्रक चालकों ने बाल्टी से पानी भरकर किसी तरह आग पर काबू पाया. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार, एसआइ देवेंद्र कुमार सिंह, एएसआइ विनय सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी अभियान चला रही है. ज्ञात हो कि घटनास्थल पर की सड़क दोनों ओर पहाड़ काटकर बनायी गयी है, जिससे अपराधियों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. उक्त हाइवा चमातु ग्राम निवासी रामानुज कुमार का है. अब तक यह नहीं पता चल पाया है कि इस घटना में किसी अपराधी या उग्रवादी संगठन का हाथ है. घटना के बाद बालूमाथ रेलवे साइडिंग जाने वाले कई कोयला लदे वाहन मौके पर खड़े हो गये. वहीं बालूमाथ थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >