जतरा में सांस्कृतिक विरासत बचाने का आह्वान
जतरा में सांस्कृतिक विरासत बचाने का आह्वान
चंदवा. बोदा पंचायत के चिरो गांव स्थित देवी मंडप परिसर में पारंपरिक सतरतीया जेठ जतरा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में हिंडाल्को के एचआर हेड प्रकाश साहू, दैनिक मजदूर यूनियन के अध्यक्ष प्रमोद साहू, हिंडाल्को कर्मी अंकित कुमार गुप्ता व संजय कुमार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. प्रकाश साहू ने कहा कि आधुनिक भागदौड़ की जिंदगी में लोग अपनी परंपराओं को भूलते जा रहे हैं, जबकि ऐसे जतरा व मेलों से हमारी सांस्कृतिक पहचान अक्षुण्ण रहती है. मजदूर यूनियन के अध्यक्ष प्रमोद साहू ने कहा कि जतरा-मेला हमारी पारंपरिक विरासत है, जो समाज के सभी वर्गों को जोड़ने व भाईचारा बढ़ाने का मंच है. जतरा में लोग पारंपरिक वेशभूषा में मांदर की थाप पर थिरकते नजर आये. इस दौरान सभी नृत्य मंडलियों को अंगवस्त्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के सफल संचालन में धनेश्वर तुरी, मछिंद्र लोहार, राजेंद्र तुरी, राहुल साव, सुरेश बासपती, श्याम सुंदर उरांव और केदार पाहन समेत अन्य ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान चलाया
लातेहार. झारखंड प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिले में पेट्रोलियम पदार्थ के कीमतों में वृद्धि के खिलाफ विभिन्न पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. इसका नेतृत्व जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने किया. इस दौरान बहुत हुई महंगाई की मार गद्दी छोड़ो मोदी सरकार, पेट्रोल डीजल गैस का कीमत कम करो, मोदी सरकार होश में आओ का नारा लगाया गया. कई कार्यकर्ता तख्तियां लेकर मौजूद थे. मौके पर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शहादत हुसैन टिंकु, जिला कामगार कर्मचारी कांग्रेस अध्यक्ष कामिल अंसारी, प्रदीप यादव, अमित उरांव, मुस्ताक खान, गौतम कुमार यादव, गोल्डेन व संतोष राम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.