महुआडांड़ (लातेहार) : प्रखंड में स्कूली छात्रों को साइकिल दिलाने के एवज में रुपये लेने का एक मामला प्रकाश में आया है. छात्रों व उनके परिजनों तथा नेतरहाट ग्राम प्रधान सत्येंद्र नगेसिया ने इसकी शिकायत नेतरहाट मुखिया से की है. इस संबंध में ग्राम प्रधान सत्येंद्र नगेसिया का कहना है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाल निकेतन नेतरहाट की प्रधानाध्यापिका रेणु सिंह द्वारा साइकिल दिलाने हेतु आने-जाने का किराया बता कर प्रति छात्र 100 से 200 रुपये तक लिया गया. परंतु पैसे लेने के बावजूद बच्चों को न तो रास्ते में खाना खिलाया गया व न ही उनका किराया दिया गया. जिस सवारी गाड़ी से बच्चे महुआडांड़ से वापस नेतरहाट पहुंचे, वह गाड़ी गोपाल चौधरी की है. किराया नहीं मिलने पर गोपाल चौधरी ने बच्चों को मिली तीन साइकिल अपने पास रख लिया.
जिस कारण छात्र व उनके परिजनों में रोष है. इस संबंध में पूछे जाने पर कल्याण पदाधिकारी जुंबल ने कहा कि उन्हें भी इसकी जानकारी मिली है. पर वह कुछ नहीं कर सकते. विभाग द्वारा बच्चों को आने-जाने का किराया नहीं दिया जाता है. वहीं प्राचार्या रेणु सिंह ने कहा कि बच्चों से परिवहन खर्च के लिए उक्त राशि ली गयी है. सवारी गाड़ी के मालिक गोपाल से विवाद हो जाने के कारण उन्होंने अब तक उसे किराया नहीं दिया है. जाने के बाद किराया दे दूंगी. वहीं गोपाल चौधरी ने कहा कि प्रधानाध्यापिका द्वारा गाड़ी का किराया नहीं देने के कारण उसने तीन साइकिल रख लिया था. पर उसे लौटा दूंगा.
39 बच्चों से ली गयी है राशि : गोवर्धन किसान, धनंजय कुमार, निर्मल उरांव, विकास यादव, गुप्तेश्वर किसान, इंदु महली, कमल कुमार, नंद किशोर यादव समेत 39 छात्रों से राशि ली गयी है.
