लातेहार : पीडब्ल्यूडी की ओर से निर्माणाधीन सिकनी-रिचुघुटा पथ के कार्यस्थल पर सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे सशस्त्र वरदीधारियों ने जम कर उत्पात मचाया. रिचुघुटा रेलवे स्टेशन के पास लगभग 14-15 की संख्या में आये लोगों ने पोकलेन के चालक महेंद्र यादव और हाइवा चालक रोहित यादव के साथ मारपीट की. ये लोग खुद को जेजेएमपी का सदस्य बता रहे थे. इन लोगों ने काम बंद करने की चेतावनी भी दी. बिना इजाजत काम शुरू करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है.
घटना के बाद काम बंद हो गया है. वरदीधारियों ने हिंडाल्को के कर्मचारियों सतन व सुशील कुजूर की भी पिटाई की. बताया जाता है कि ये सभी जेजेएमपी के रियाज के दस्ते के थे. पिटाई से पोकलेन चालक महेंद्र यादव की हालत खराब है. हिंडाल्को में प्रथामिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया. सड़क निर्माण का कार्य चंदवा की कंपनी मेसर्स संतोष कंस्ट्रक्शन की ओर से करायी जा रही है. जानकारी मिलते ही लातेहार थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच और मामले की जांच की.
