पूर्व मुखिया ने पकड़ा
मोटरसाइिकल से बोरे में भर कर ले जाया जा रहा था
चंदवा : समेकित बाल विकास सेवा योजना के अंतर्गत सभी परियोजना कार्यालय को पंजरी फूड (रेडी टू इट) उपलब्ध कराया जाता है. उक्त पोषाहार सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खिलाने के लिये उपलब्ध कराया जाता है. केंद्र में बच्चों की संख्या के हिसाब से पैकेट सेविका को मिलता है.
यह फूड सप्लीमेंट है, जो बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में काफी सहायक है. इसे बाजार में बेचना सख्त मना है. रविवार की रात करीब आठ बजे बारी पंचायत के पूर्व मुखिया रोबेन उरांव ने एक बाइक सवार के पास से एक बोरे में बंद 58 पैकेट पंजरी फूड बरामद किया है. इसकी सूचना वर्तमान मुखिया सुखिया देवी को दे दी गयी है.
इस संबंध में मुखिया द्वय ने बताया कि उन्हें पंजरी फूड बेचने की सूचना मिली थी. इसके बाद गांव में ही एक बाइक सवार को रोका गया. पूछताछ में उसने बताया कि वह आंगनबाड़ी केंद्र गंझू टोला बारी की सेविका मणि देवी से पंजरी फूड खरीद कर ला रहा था. वह इसे गाय को खिलाने के लिये ले जा रहा था. इसी बीच मौका पाकर वह बाइक लेकर भाग निकला. बोरा की जांच की गयी तो उसमें 58 पैकेट पंजरी फूड बरामद किये गये. इसकी सूचना उन्होंने बीडीओ को दी है. गौरतलब है कि बाजार में बड़ी मात्रा में पंजरी फूड बेचे जा रहे हैं. लोग इसे गाय को भी खिलाने में इस्तेमाल करते हैं.
