110 विद्यालयों का विलय किया जायेगा : उपायुक्त

एक किलोमीटर के दायरे में आनेवाले स्कूलों का होगा विलय शिक्षकों के नये पद का सृजन होगा लातेहार : जिला स्तरीय लोक शिक्षा समिति की एक बैठक उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय में हुई. उपायुक्त ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार यदि किसी दो सरकारी स्कूलों की दूरी एक किलोमीटर से कम […]

एक किलोमीटर के दायरे में आनेवाले स्कूलों का होगा विलय
शिक्षकों के नये पद का सृजन होगा
लातेहार : जिला स्तरीय लोक शिक्षा समिति की एक बैठक उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय में हुई. उपायुक्त ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार यदि किसी दो सरकारी स्कूलों की दूरी एक किलोमीटर से कम है तो दोनों को विलय कर एक विद्यालय कर दिया जायेगा. इसके तहत जिले में 110 स्कूलों को चिह्नित किया गया है. उपायुक्त ने बताया कि हेरहंज के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय जामून टोला तथा बालूमाथ के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय मांदर टोला के विलय पर जन प्रतिनिधियों के अनुरोध पर पुनर्विचार किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि चिह्नित 21 उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों की संख्या अधिक है. इन विद्यालयों में नये पदों का सृजन किया जायेगा. पहली से पांचवीं वर्ग के लिये 666 शिक्षक तथा कक्षा छह से आठ के लिये कुल 908 शिक्षकों के पद सृजित कर सरकार को अग्रेतर कार्रवाई के लिये भेजा जा रहा है. मौके पर उपायुक्त श्री गुप्ता ने जिला शिक्षा अधीक्षक मसूदी टुड्डू को जिले में निर्माणाधीन स्कूल भवनों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया.
स्कूलों के लिए खरीदी जाने वाले बेंच, डेस्क, कुर्सी, टेबल, के निर्माण में स्थानीय कर्मकारों को ही प्राथमिकता देने की बात उपायुक्त ने कही. जिला शिक्षा अधीक्षक ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. बैठक में डीआरडीए निदेशक संजय भगत, जिला कल्याण पदाधिकारी रमेश चौबे, जिला शिक्षा अधीक्षक मसूदी टुड्डू तथा सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रोज मिंज आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >