लातेहार : मंगलवार को राष्ट्रीय उच्च पथ 75 पर लातेहार एवं होटवाग के बीच डुड़ंगी गांव के समीप एक पुल का खंभा क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण सड़क पर आवागमन बाधित रहा. जाम हटाने के लिए घटना स्थल पर पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी वरूण रंजन ने आवागमन को सामान्य करवाते हुए वैक्लिपक व्यवस्था करवाया. उक्त पुल को 1995 में राष्ट्रीय उच्च पथ निर्माण विभाग के द्वारा बनाया गया था. बताया जाता है कि निर्माण काल के समय ही डुड़ंगी गांव के ग्रामीणों ने घटिया निर्माण कार्य का विरोध किया था. ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण काल के समय ही पुल का वही खंभा भरभरा गया था, जो आज क्षतिग्रस्त हुई थी.
जानकारी के अनुसार उक्त पुलिया संवेदक सतेंद्र तिवारी के द्वारा बनाया गया था. मंगलवार को आवागमन सामान्य हो इसके लिए मेदिनीनगर की ओर से आने वाली वाहनों को होटवाग से परसही व जलता होते हुए बाइपास चौक में निकाला जा रहा है. रांची की ओर से आने वाली वाहनों को माको मोड़ के पास स्थित पोचरा रोड से होटवाग तक जाने की व्यवस्था की गयी है. मंगलवार साप्ताहिक हाट होने के कारण मेदिनीनगर की ओर से आने वाली कई वाहन बाइपास चौक में फंस गयी. अनुमंडल पदाधिकारी श्री रंजन मौके पर अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिया और शीघ्र इसे दुरूस्त करने का निर्देश दिया.
सात किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है: पुल के खंभा टूट जाने से वाहनों को तकरीबन सात किलोमीटर की अधिक दूरी तय कर शहर पहुंचना पड़ रहा है. पोचरा रोड में शाम के छह बजे के बाद से जाम लग गयी. इस कारण वाहनों की लंबी कतार वहां लगी है.
