लातेहार : बाइपास चौक निवासी विजेंद्र दास ने पूजा देवी, उसकी बहन माधुरी देवी व माधुरी के पति प्रमोद कुमार दास पर दो लाख रुपये रंगदारी मांगने एवं मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सदर थाना में मामला दर्ज कराया है. इस संबंध में विजेंद्र का कहना है कि पूजा देवी के पति अपनी सारी संपत्ति उनके नाम कर चुके हैं. इसकी पावर ऑफ एटॉर्नी भी उनके पास है.
इसके तहत पूजा देवी को घर खाली करने को बोला जा रहा है, लेकिन वह घर खाली नहीं कर रही. पूजा का आरोप बेबुनियाद है. गौरतलब है कि पूजा देवी ने सोमवार को विजेंद्र दास, कौशल दास, गुलशन दास, विवेकानंद दास के खिलाफ मारपीट करते हुए जलाने का प्रयास करने की प्राथमिकी लातेहार थाने में दर्ज करायी थी. पूजा का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था. मंगलवार को उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गयी है. पूजा के पति की मौत पिछले महीने ही हुई है.
