लातेहार : उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को सशक्त होने की दरकार है. अगर महिलाएं सशक्त एवं जागरूक हों तो समाज विकास के मार्ग पर अग्रसर हो जायेगा. उपायुक्त श्री गुप्ता भारतीय स्टेट बैंक द्वारा स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज शिविर के उदघाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
इससे पहले उपायुक्त श्री गुप्ता, उप विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह एवं भारतीय स्टेट बैंक के पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अजीत सूद व प्रशासनिक कार्यालय रांची के उप महाप्रबंधक दुशमंत कुमार पांडा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
उपायुक्त श्री गुप्ता ने बैंक से प्राप्त राशि का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कई प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जा रही है. इसका लाभ उठाना चाहिए. उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान की चर्चा करते हुए 100 शौचालयों का निर्माण कराने वाली स्वयं सहायता समूहों को पांच हजार रुपये नगद राशि पुरस्कार के रूप में देने की घोषणा की. मौके पर उप विकास आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधा से कंधा मिला कर चल रही हैं.
श्री सूद ने कहा कि लातेहार जिला में भारतीय स्टेट बैंक की 12 शाखाएं हैं. इसमें तीन शाखाओं में क्रेडिट लिंकेज का कार्य प्रारंभ किया गया है. शेष शाखाओं को भी शीघ्र इससे जोड़ा जायेगा. कार्यक्रम में लातेहार व बरवाडीह प्रखंड के 200 स्वयं सहायता समूहों के बीच एक करोड़ रुपये ऋण का वितरण किया गया. प्रत्येक समूह को 50 हजार रुपये का ऋण दिया गया.
मौके पर डीआरडीए निदेशक संजय कुमार भगत, एलडीएम नीरद कुमार, मुख्य प्रबंधक आनंद कुमार सिंह, आरसेटी निदेशक महेंद्र दास, एनआरएलम के डीपीएम सचिन साहु व डीएफएफइ अमरनाथ सिंह आदि उपस्थित थे. कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन एनआरएलएम के एफसीआइ राजीवनाथ ने किया. मौके पर महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थीं.
