दशहरा व मुहर्रम में व्यवधान होने पर समितियां होंगी जवाबदेह

लातेहार : जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने कहा कि दशहरा एवं मुहर्रम के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न होने पर संबंधित समितियां जवाबदेह होंगी और जांच में लापरवाही पाये जाने पर समितियों पर कार्रवाई की जायेगी. समाहरणालय के सभागार […]

लातेहार : जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने कहा कि दशहरा एवं मुहर्रम के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न होने पर संबंधित समितियां जवाबदेह होंगी और जांच में लापरवाही पाये जाने पर समितियों पर कार्रवाई की जायेगी.
समाहरणालय के सभागार में आयोजित शांति समिति की बैठक में श्री गुप्ता ने कहा कि दशहरा पूजा के अवसर पर अच्छे व सुविधा संपन्न पंडाल बनाने वाली समितियों को पुरस्कृत करने का निर्देश राज्य सरकार से प्राप्त हुआ है. उन्होंने सभी पूजा पंडालों में लाइट एवं पानी की समुचित व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जेनरेटर के साथ पर्याप्त लाइट की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया.
पुलिस अधीक्षक श्री बिरथरे ने कहा कि पर्व के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही व व्यवधान पहुंचाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. किसी भी संदेहास्पद स्थिति में असामाजिक तत्वों से पुलिस सख्ती से निबटेगी.
उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में एक ही दिन में दशहरा और मुहर्रम का जुलूस नहीं निकाला जायेगा. ऐसा करने वाले समितियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बड़े पंडालों में समिति द्वारा सीसीटीवी कैमरा लगाने एवं प्रखंड स्तर पर समिति के 15-15 सदस्यों का पहचान पत्र जारी करने का निर्देश दिया. सभी पूजा समिति को पंडालों में आग से निबटने की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया. पिछले वर्ष बालूमाथ, लातेहार एवं बरवाडीह थाना क्षेत्र में हुई सांप्रदायिक घटना को देखते हुए इस बार पुलिस की विशेष नजर रहेगी.
एनएच पर बने गड्ढों को भरने का निर्देश
दुर्गा पूजा व मुहर्रम पर्व को देखते हुए एनएच पर बने गड्ढों को भरने एवं बिजली व्यवस्था चुस्त रखने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया. जुलूस के पुराने रूट को नहीं बदलने का निर्देश दिया गया है.
मौके पर उप विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक संजय कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण (लातेहार) व जगबंधु महथा (महुआडांड़), चंदवा जिप सदस्य अनिता देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल, सरयु प्रसाद सिंह, श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष अभिनंदन प्रसाद शौंडिक, सांसद प्रतिनिधि मुकेश कुमार पांडेय, समशुल होदा, हाजी मुमताज अली, जय कुमार सिंह, लाल मोती नाथ शाहदेव आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >