लातेहार : जिले के चंदवा स्थित नगर भगवती में 27 व 28 सितंबर को आयोजित उग्रतारा महोत्सव आयोजन की सफलता को लेकर उपायुक्त प्रमोद गुप्ता की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया. उपायुक्त श्री गुप्ता ने महोत्सव के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की. उपायुक्त श्री गुप्ता ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को महोत्सव के दौरान बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया.
आयोजन स्थल पर तीन अस्थायी केंद्र बनाने एवं चिकित्सा दल के साथ एक एंबुलेंस हमेशा तैयार रखने के लिए सिविल सर्जन लातेहार को निर्देश दिया. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग का तीन स्टॉल लगाने का भी निर्देश दिया. पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को सड़क के गड्ढों को भरकर दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता को प्रतिदिन पांच टैंकर पेयजल की व्यवस्था रखने एवं 20 शौचालयों का निर्माण करने का निर्देश दिया गया है. वहीं जिला स्तरीय कमिटी गठित कर प्रतिदिन नगर स्थल भ्रमण कर कमियों की समीक्षा करने एवं उसे दूर करने का निर्णय लिया गया.
पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर आठ पुलिस पदाधिकारी एवं तीन डीएसपी तैनात रहेंगे. उपायुक्त ने दंडाधिकारियों की नियुक्ति जिला स्तर से करने की बात कही. कार्यक्रम स्थल पर जिला का अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जायेगा, ताकि कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बना रहे. बैठक में उप विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह व अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण समेत कई विभागों के प्रधान आदि उपस्थित थे.
