जमीन संबंधी काला कानून में बदलाव नहीं होने पर व्यापक आंदोलन : रामचंद्र सिंह
बरवाडीह : नया सर्वे खतियान में अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रखंड राजद ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में धरना दिया. अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मो नसीम अंसारी ने की, जबकि कार्यक्रम में मनिका विधान सभा के पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह समेत प्रमंडल व प्रदेश के कई राजद पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि हाल सर्वे खतियान में व्यापक अनियमितता बरती गयी है जिसे लागू किये जाने से आम लोगों में खून खराबा की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
हाल सर्वे खतियान को ऑनलाइन करते हुए इसे पूरी तरह लागू किया जा रहा है, जिससे 90 प्रतिशत किसानों व जमीन मालिकों की जमीन उनके हाथ से जाने का भय सताने लगा है. श्री सिंह ने कहा कि नये नियम में बदलाव के लिए राज्य सरकार लातेहार जिले के सभी प्रखंडों में हाल सर्वे खतियान व पूर्व खतियान का मिलान करते हुए जमीन मालिकों की उपस्थिति में प्रखंडवार शिविर लगाकर विवादित जमीन मामले का हल करें. श्री सिंह ने पूर्व की तरह सभी प्रखंडों में जमीन रसीद काटने की मांग की.
पूर्व विधायक श्री सिंह ने कहा कि दस दिनों के अंदर सरकार द्वारा लाये गये काला कानून में बदलाव नहीं होता है, तो राजद के बैनर तले जिला मुख्यालय में व्यापक जनआंदोलन किया जायेगा.
महाधरना कार्यक्रम में प्रदेश राजद उपाध्यक्ष व प्रभारी अब्दुल खालिद, पलामू जिला अध्यक्ष शंकर यादव, प्रदेश महासचिव अजय चंद्रवंशी, रवींद्र राम,सुरेश यादव, जय प्रकाश रजक, सुशीला देवी समेत कई लोग मौजूद थे.
