बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को राज्य के राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार मंत्री अमर बाउरी ने प्रेस वार्ता में कहा कि लातेहार जिला में नया सर्वे के आधार पर जो खतियान लागू किया गया है, उसमें कई तरह की गड़बड़ियों की शिकायत मिल रही है, जिस पर मुख्यमंत्री एवं राजस्व विभाग काफी गंभीर हैं. शीघ्र ही इस गड़बड़ी को सुधारा जायेगा.
गड़बड़ी की शिकायत मनिका विधायक हरिकृष्ण सिंह ने भी की है. बालूमाथ के भूस्वामियों के द्वारा मंत्री से रेलवे में हुए मुआवजे की भुगतान एक समान कराने की मांग की है. रैयतों ने मंत्री से कहा है कि एक ही जमीन को रेलवे तीन फेज में लिया है. प्रथम फेज में 600 द्वितीय फेज में 34000 तृतीय फेज में 17000 प्रति डिसमिल निर्धारित की गयी है.
रैयतों द्वारा सभी जमीन की मुआवजे 34000 प्रति डिसमिल मांग की गयी है. मंत्री श्री बाउरी ने कहा कि यह गंभीर मामला है. दो साल के अंदर मुआवजा में अंतर आना ये न्याय संगत नहीं लगता. सरकार इस पर पुन: जांच करायेगी. बारियातु एवं हेरहंज प्रखंड में हुए मनरेगा घोटाला पर श्री बाउरी ने कहा कि जांच करायी जा रही है.
बसिया ग्राम के भूस्वामी जनार्दन शुक्ला ने मंत्री लिखित आवेदन देकर बसिया के हलका कर्मचारी पर रसीद काटने के नाम पर पैसा मांगने का आरोप लगाया है. मंत्री ने सीओ अमर जान आइंद को मामले की जांच कर अविलंब रसीद काटने का निर्देश दिया है. उप प्रमुख ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को विकास से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी जाती. मंत्री ने समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया.मौके पर अमर जॉन आईंद, कृति बाला लकड़ा, प्रमिला देवी, अरविंद कुमार, अखिलेश पाठक, लव कुमार सिंह, भाजपा नेता परमेश पांडे सहित कई लोग मौजूद थे.
