लातेहार व महुआडांड़ प्रखंड की पांच-पांच पंचायतों को भी खुले में शौच से मुक्त बनाना है
10 से 18 अगस्त तक चयनित पंचायतों व मुख्यालयों में लगाये जायेंगे जागरूकता शिविर व रात्रि चौपाल
लातेहार : उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय के सभागार में आयोजित की गयी. बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुले में शौच से मुक्ति के लिए हेरहंज प्रखंड तथा लातेहार व महुआडांड़ प्रखंड की पांच-पांच पंचायत, बरवाडीह प्रखंड की खूरा पंचायत एवं सभी प्रखंड मुख्यालय को पूर्ण रूप से खुले में शौच मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया.
उपायुक्त श्री गुप्ता ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, लातेहार को आवश्यक दिशा निर्देश दिये. इस कार्य के लिए 10 अगस्त से 18 अगस्त तक इन चयनित पंचायत, मुख्यालयों में स्वच्छता जागरूकता शिविर एवं रात्रि चौपाल लगाने का निर्णय लिया गया. भवन प्रमंडल विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नये परिसदन भवन एवं पदाधिकारी आवास को 15 अगस्त तक पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया है.
कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए 19 हजार विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति वितरण डीबीटी के माध्यम से करने के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया. समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए क्षेत्र भ्रमण में बंद पाये गये तरवाडीह एवं पोचरा पंचायत की आंगनबाड़ी सेविकाओं को हटाने का निर्देश उपायुक्त ने दिया. उन्होंने जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को आंगनबाड़ी का निरंतर निरीक्षण करने एवं अनुपस्थित होने पर सेविका व सहायिकाओं को हटाने का निर्देश दिया. बैठक में स्वास्थ्य, राजस्व, मत्स्य, कृषि, पशुपालन, सहकारिता आदि विभागों समीक्षा की गयी और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने का निर्देश संबंधित सभी पदाधिकारियों को दिया गया.
मौके पर उप विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह, निदेशक आइटीडीए सत्येंद्र कुमार तिवारी,डीआरडीए निदेशक संजय कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण, जिला योजना पदाधिकारी एनके झा आदि उपस्थित थे.
