लातेहार : राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सह लातेहार जिला के प्रभारी मंत्री सरयू राय ने कहा कि सरकार शिक्षित बेरोजगार युवक एवं युवतियों को अवसर दे रही है, इसका लाभ उठावें. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति ग्राम विकास योजना के तहत ऐसे युवक व युवती को दो लाख रुपये का अनुदान दे रही है.
उन्होंने इस अनुदान से आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से यह जानने का प्रयास करेगी कि आप उस अनुदान राशि का कितना सदुपयोग करते हैं. श्री राय शहर के बहुउदेश्यीय भवन में मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति ग्राम विकास योजना के तहत आयोजित गरीब विकास मेला कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इससे पहले मंत्री श्री राय, लातेहार विधायक प्रकाश राम, मनिका विधायक हरेकृष्ण सिंह, उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता एवं उप विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उदघाटन किया. मंत्री श्री राय ने अपने संबोधन में गांव की महिलाओं को शराबबंदी के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि शराब परिवार को तबाह कर देता है. श्री राय ने ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की, जो नशा के कारण घर तबाह करते हैं.
इससे पहले लातेहार विधायक प्रकाश राम ने जिले के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मनिका विधायक हरिकृष्ण सिंह ने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सजग होना होगा. उपायुक्त श्री गुप्ता ने जिले में चलायी जा रही विकास योजनाओं की जानकारी दी. जिला 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्नवयन समिति के उपाध्यक्ष राजधनी प्रसाद यादव ने कहा कि सरकार का एक मात्र उद्देश्य जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाना है.
इससे पहले कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्रओं ने मंत्री श्री राय का स्वागत किया. कार्यक्रम में आइटीडीए निदेशक सत्येंद्र कुमार तिवारी, डीआरडीए निदेशक संजय कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण व जगबंधु महथा, जिला योजना पदाधिकारी एनके झा, परियोजना पदाधिकारी ज्ञानेश्वर शुक्ला, भाजपा नेता कुंति देवी, महेंद्र वैद्य, प्रेमचंद पांडेय, जिला 20 सूत्री सदस्य रामप्यारे प्रसाद, नसीम अहमद, संतोष कुमार पासवान आदि उपस्थित थे.
