चान्हो : थाना क्षेत्र के तेतरियाटांड़ जगंल में एक महिला व उसकी बच्ची की गोली मार कर हत्या कर दी गयी. मृतकों की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के मरमर गांव निवासी पूनम देवी (35) व उसकी बेटी (पांच) नीलावती कुमारी के रूप में की गयी है. सूचना मिलने पर शुक्रवार को चान्हो पुलिस ने पूनम देवी व नीलावती कुमारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. पूनम व नीलावती की हत्या कनपटी में गोली मार कर की गयी है.
पुलिस को घटनास्थल से आठ एमएम का दो खाली कारतूस भी मिला है. पूनम देवी अपने पहले पति की मौत के बाद मरमर गांव निवासी राहुल मुंडा की दूसरी पत्नी के रूप में रह रही थी.
राहुल उसे कुड़ू में रखता था. बताया जा रहा है कि मंगलवार को दिन में करीब एक बजे पूनम देवी व नीलावती को अंतिम बार राहुल मुंडा के साथ मोटरसाइकल में मड़मा गांव से मरमर गांव की ओर जाते हुए देखा गया था. उसके बाद से वह नीलावती के साथ लापता थी.
गुरुवार की शाम को पता चला कि चान्हो थाना क्षेत्र के तेतरियाटांड़ जंगल में एक महिला व उसकी पीठ पर बंधी बच्ची का शव पड़ा हुआ है. बाद में उसकी पहचान पूनम देवी व उसकी बेटी नीलावती कुमारी के रूप में की गयी. पूनम देवी दूसरे राज्य के ईंट भट्ठे में मजदूर भेजने का काम भी करती थी. पुलिस हत्या के मामले की छानबीन कर रही है.
