बरवाडीह : प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में निम्न स्तर की पोशाक आपूर्ति की शिकायत पर गुरुवार को प्रखंड उप प्रमुख पंकज कुमार गुप्ता, पंसस मीना देवी, पंसस सुनीता पाल, उप मुखिया काजमी अनवर व अन्य निर्वाचित सदस्यों ने प्रखंड के आधा दर्जन विद्यालयों का निरीक्षण कर घटिया पोशााक आपूर्ति किये जाने का मामला उजागार करते हुए समिति के सदस्यों ने इस पर रोक लगा दी है.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक द्वारा स्थानीय बाजार से गुणवत्तापूर्ण पोशाक की खरीदारी न करके निम्न स्तर की पोशाक की खरीदारी की है. उप प्रमुख के नेतृत्व में पंसस सदस्यों ने प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय, खुरा मध्य विद्यालय, चपरी मध्य विद्यालय, छेंचा मध्य विद्यालय की जांच की. जांच के क्रम में विद्यालय में पढ़नेवाले बच्चों को वितरण किये जानेवाली पोशाक को निम्न स्तर का पाया गया. आपूर्ति की गयी पोशाक को छात्रों के बीच वितरण किये जाने की तैयारी की जा रही थी.
जांच के क्रम में चपरी विद्यालय के अध्यक्ष सह गठित पोशाक आपूर्ति क्रय समिति के सदस्य कोपल राम ने बताया की विद्यालय में गुपचुप तरीके से पोशाक की आपूर्ति की गयी है. वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविंद्र भगत ने बताया की सभी विद्यालय स्वास्तिक इंटर प्राइजेज से पोशाक की खरीदारी कर रहे थे, इसमें उन्होंने भी पोशाक की खरीदारी कर ली.
जांच समिति के सदस्यों ने आपूर्ति किये गये निम्न स्तर के पोशाक के वितरण पर रोक लगाते हुए इसकी उचित जांच करवाते हुए गुणवत्तापुर्ण पोशाक की खरीदारी होने पर छात्रों के बीच वितरण करने का निर्देश दिया.
पोशाक खरीददारी व वितरण का क्या है प्रावधान : प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में पोशाक की खरीदारी करने के लिए विद्यालय समिति के अध्यक्ष की देखरेख में गांव के अभिभावकों व विद्यालय समिति के सदस्यों के बीच से पोशाक क्रय समिति का गठन करना है. गठन किये गये क्रय समिति के सदस्यों की देखरेख में स्थानीय बाजार से सारी मापदंड वाले दुकानदार से गुणवत्ता पूर्ण पोशाक की खरीदारी करनी है, लेकिन बिना क्रय समिति के गठन ही गुपचुप तरीके से पोशाक की खरीदरी की गयी.
सदस्यों ने इसकी शिकायत उपायुक्त से की : उप प्रमुख पंकज गुप्ता समेत अन्य पंसस सदस्यों ने इसकी शिकायत लातेहार उपायुक्त से की है.
सदस्यों ने कहा कि विभिन्न विद्यालयों में आपूर्ति किये गये निम्न स्तर की पोशाक आपूर्ति की जांच समिति द्वारा करायी जाये. इसके बाद अविलंब कार्रवाई कर स्थानीय बाजार से गुणवत्तापूर्ण पोशाक की खरीदारी करते हुए निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वितरण करवाया जाये.
