बेतला : पोखरी कला स्थित राजकीय उर्दू मवि का औचक निरीक्षण बरवाडीह जिप सदस्य नाजिम परवीन ने किया. उन्होंने शिक्षण कार्य, मध्याह्न भोजन सहित कई बिंदुओं पर जांच की. प्रधानाध्यापक चुनेश्वर सिंह को कई दिशा-निर्देश दिये. मौके पर प्रधानाध्यापक ने विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया. बताया कि अतिरिक्त कमरे नहीं है.
इससे पठन-पाठन में परेशानी हो रही है. विद्यालय में 1048 विद्यार्थी हैं, जबकि कमरे चार हैं. शिक्षक भी चार हैं. इस कारण बच्चों को पढ़ाने में समस्या होती है. इस पर जिप सदस्य ने कहा कि इस मामले से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया जायेगा. पूर्व में विद्यालय की व्यवस्था पर ग्रामीणों ने शिकायत की थी.
उसे दूर करते हुए शिक्षा का बेहतर माहौल बनायें. उन्होंने प्रधानाध्यापक से यह जानना चाहा कि वरीय पदाधिकारियों द्वारा हाल में कब विद्यालय का निरीक्षण किया गया. इस पर प्रधानाध्यापक ने बताया कि बहुत पहले बीइइओ द्वारा जांच की गयी थी. मध्याह्न भोजन में छात्रों को हरी सब्जी व अंडा अथवा फल नहीं दिये जाने पर जिप सदस्य ने नाराजगी व्यक्त की. इस पर प्रधानाध्यापक ने कहा कि आवंटन के अभाव में अंडा नहीं दिया जा रहा था. अागामी शनिवार से इसकी व्यवस्था की जायेगी.
बाद में जिप सदस्य ने सरईडीह उत्क्रमित उवि का भी निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि भवन की मरम्मत, चहारदीवारी व शौचालय निर्माण सहित इसे प्लस टू का दर्जा दिलाने के लिए वरीय पदाधिकारियों से बात की जायेगी.
