लातेहार : समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने जनसमस्याओं से संबंधित मामलों का निबटारा संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश विभागीय पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को दिया. उन्होंने जिला के विभिन्न प्रखंडों से आये ग्रामीणों की समस्या सुनी व उसके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया.
आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री बालोमनी बाखला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा.
वहीं बालूमाथ में सीसीएल की मगध परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के एवज में आरा एवं चमातु के रैयतों ने मुआवजा संबंधी वंशावली कागजात अंचलाधिकारी द्वारा नहीं निर्गत किये जाने के कारण हो रही परेशानी से उपायुक्त को अवगत कराया. चंदवा प्रखंड के कामता पंचायत के हिसरी ग्राम निवासी जीवन मिंज ने वनाधिकार समिति के सदस्यों पर उसके हिस्से की जमीन हड़प लिये जाने की शिकायत की. इस पर श्री शुक्ला ने जिला कल्याण पदाधिकारी तथा सदर एसडीओ को मामले की जांच करने का निर्देश दिया.
सदर प्रखंड के पांडेयपुरा के ग्रामीणों ने आवेदन देकर स्कूल निर्माण का स्थल परिवर्तन करने की गुहार लगायी. कहा कि ग्रामीण वर्षों से उक्त भूमि का उपयोग खेल मैदान के रूप में कर हैं.
महुआडांड़ की अक्सी निवासी संगीता देवी ने आंगनबाड़ी सेविका चयन के संबंध में आवेदन दिया. गारू के धांगरटोला की आंगनबाड़ी सहायिका सीमा देवी ने चयन के बाद एक वर्ष तक कार्य करने के बावजूद मानदेय का भुगतान नहीं होने की शिकायत की. हेरहंज के चंद्रदेव उरांव ने प्रखंड में धान क्रय केंद्र अब तक नहीं खोले जाने की शिकायत की. लातेहार के निंदिर गांव की सुनीता देवी ने अपने रिश्तेदारों पर संपत्ति हड़पने एवं प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. इस संबंध में उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक व अनुमंडल पदाधिकारी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
बालूमाथ के घुटांमटोला निवासी प्रभुदासी कुजूर ने बिचौलियों पर उनका इंदिरा आवास दूसरे के नाम करा देने का आरोप लगाया. हेरहंज के चिरू पंचायत के गिरधारी गंझू ने अपने 16 वर्षीय पुत्र का चतरा निवासी झरनी देवी एवं प्यारी भुइयां द्वारा बहला कर मानव तस्करी कर लिये जाने की शिकायत की.
जनता दरबार में उपरोक्त मामले समेत 40 आवेदनों पर सुनवाई की गयी. मौके पर प्रशिक्षु आइएएस मो फैज, जिला जनसंपर्क पदाधिकरी पंचानन उरांव एवं जनशिकायत केंद्र की अमीना उपस्थित थे.
