मनिका (लातेहार) : लातेहार पुलिस ने छापामारी कर हथियार के साथ हार्डकोर नक्सली रवि राम को गिरफ्तार किया है. इंस्पेक्टर कमलेश्वर पांडेय ने बताया कि एसपी को मिली सूचना के आधार पर छापामारी कर पल्हैया गांव के बंजारी पहाड़ी से रवि को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से नक्सली परचे, मैगजीन समेत एक देसी राइफल व तीन जिंदा कारतूस बरामद किया गया. पूर्व में गिरफ्तार माओवादी कुलदीप मेहता, बालेश्वर यादव व गोविंद यादव की स्वीकारोक्ति बयान में रवि राम का नाम कई घटनाओं में आया था.
माआेवादी समर्थक पकड़ाया : इधर, महुआडांड़ थाना पुलिस ने माअोवादी समर्थक रहमतुल्ला अंसारी उर्फ तुल्ला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि रहमतुल्ला चुनचुना ललमटिया पुंदाग थाना सामरी (छत्तीसगढ़) का है.
वह कई वर्षों से माओवादियों के लिए कार्य कर रहा था. नक्सली गतिविधि को लेकर इसके खिलाफ कई थानों में मामला दर्ज है. यह कई बार जेल भी जा चुका है. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रहमतुल्ला अंसारी खाने-पीने का सामान, दवा व जूता-मोजा आदि खरीदने महुआडांड़ आ रहा था.
इसी सूचना पर पुलिस ने थाना से दो किमी दूर कार्मेल हॉस्पिटल के पास से उसे गिरफ्तार किया. रहमतुल्ला माओवादी अरविंद और विकास के दस्ते को सामान मुहैया कराता था. उसके पास से अन्य समानाें के अलावा बकोरिया (पलामू) मुठभेड़ से संबंधित परचा व पुलिस मुठभेड़ में मारे गये उग्रवादी से संबंधित एक बुकलेट बरामद किया गया.
