हेरहंज : सलैया पंचायत के मैलम गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने जन वितरण प्रणाली के दुकानदार रमेश मेहरा पर राशन नहीं देने का आरोप लगाया है. इस संबंध में ग्रामीणों ने नव निर्वाचित मुखिया रिंकू देवी को आवेदन सौंपा है. इसमें कहा गया है कि 15 अगस्त 2015 के बाद से आज तक उन्हें जविप्र की दुकान से कुछ भी नहीं मिला. घर में अनाज व केरोसिन की भारी कमी है.
केरोसिन नहीं मिलने से बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है. वे अंधेरे में रहने को विवश है. ग्रामीणों का यह भी कहना है कि एक सप्ताह पूर्व एमओ को आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इस संबंध में उपायुक्त से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गयी है. इधर, एमओ ने कहा है कि मामले की जानकारी मिली है. जांच कर डीलर पर कार्रवाई की जायेगी.
