लातेहार : पहली जनवरी को जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में उत्सव सा माहौल दिखा. काफी संख्या में लोगों ने तपा की पहाड़ी पर भ्रमण किया. लोग यहां वनभोज भी करते देखे गये. इसके अलावा औरंगा नदी तट पर भी काफी संख्या में लोग भ्रमण के लिए पहुंचे. शहर से दूर पोचरा पंचायत स्थित ततहा गरम जलकुंड में भी भीड़ दिखी. मान्यता है कि गरम जलकुंड में नहाने से चर्म रोग दूर होता है.
इधर, नव वर्ष को लेकर शहर के श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गयी. भीड़ के कारण यहां अव्यस्था का माहौल था. कतार नहीं लगने से माता के दर्शन व प्रसाद चढ़ाने को लेकर श्रद्धालुओं में आपाधापी मची थी. वहीं काली मंदिर, दुर्गा मंदिर, बाजारटांड़ स्थित शिव मंदिर में अहले सुबह से ही लोग पूजा के लिए पहुंचने लगे थे.
