व्यवसायी से मांगी थी रंगदारी, पुलिस के जाल में फंसे
बरवाडीह : बरवाडीह पुलिस ने व्यवसायी अनिल कुमार सोनी से रंगदारी मांगने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. जबकि मास्टर माइंड मालिक सिंह व आशिश सिंह भाग निकलने में सफल रहे. यह जानकारी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी अनूप बड़ाइक ने दी.
उन्होंने बताया कि लेस्लीगंज के मालिक सिंह (पिता राधा सिंह) ने अपने ही गांव के तीन युवकों के साथ मिलकर व्यवसायी अनिल कुमार सोनी से रंगदारी मांगने की योजना बनायी थी. योजना के तहत लेस्लीगंज के आशिश सिंह, नीतीश मिश्रा व उपेंद्र राय ने 17 दिसंबर को व्यवसायी को फोन कर एक करोड़ रुपये की मांग की. फोन पर धमकी व रंगदारी मांगे जाने की जानकारी व्यवसायी द्वारा बरवाडीह पुलिस को दी गयी.
बाद में अपराधियों ने रंगदारी की रकम घटा कर एक लाख तय करते हुए पैसे को लेस्लीगंज के ही कोनवाई बाधुवार गांव में देने की बात कही. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने छापामारी दल का गठन किया. छापामारी दल में बरवाडीह इंस्पेक्टर अवधेश सिंह, थाना प्रभारी धनंजय प्रसाद, एसआइ एलपी बैठा व जवान शामिल थे.
22 दिसंबर को रंगदारी की रकम पहुंचाने के लिए पुलिस का जवान जावेद अंसारी बाइक से निकला. उसके पीछे पुलिस भी थी. जावेद अपराधियों के बताये स्थान पर पहुंचा. वहां अपराधियों ने बाइक रुकवायी. इसी दौरान वहां पुलिस पहुंच गयी अौर दो युवकों को धर दबोचा. जबकि दो भाग निकले. पुलिस ने गिरफ्तार नीतीश मिश्रा व उपेंद्र राय को लातेहार उपकारा भेज दिया है.
जबकि भाग निकले युवकों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है. पुलिस के अनुसार घटना में शामिल तीन युवक इंटर के छात्र हैं. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल सेट, एक डिस्कवर मोटरसाइकिल भी बरामद किया है. घटना में प्रयुक्त मोबाइल नंबर चैनपुर ग्राम के नसरूद्दीन अंसारी का है, जो बाहर रहता है.
