लातेहार : तेहार में रामनवमी पर्व पारंपरिक तरीके से मनाया गया. पर्व को लेकर सुबह से ही शहर में चहल-पहल थी. सभी महावीर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गयी. थाना चौक स्थित महावीर मंदिर, ठाकुरबाड़ी स्थित महावीर मंदिर समेत श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर व देवी मंडप में श्रद्धालुओं का तांता लगा था.
दोपहर बाद मुख्य अखाड़ा थाना चौक स्थित महावीर मंदिर परिसर में श्री रामनवमी पूजा महासमिति के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसके बाद नगर भ्रमण किया गया. नगर भ्रमण में विभिन्न अखाड़ों के लोग झंडे के साथ शामिल हुए. इस दौरान पारंपरिक हथियार से करतब दिखाये गये. कई अखाड़ों के बच्चे हनुमान का रूप धरे हुए थे. कार्यक्रम में श्री रामनवमी पूजा महासमिति के पंडित त्रिभुवन पांडेय, मुरली प्रसाद, विगन प्रसाद, सुदामा प्रसाद गुप्ता, रंजीत प्रसाद, सीतेश प्रसाद, प्रतीक साहू, अरविंद कुमार, प्रकाश कुमार, नंदलाल प्रसाद आदि शामिल थे.
