एंबुलेंस के अभाव में
चंदवा : इलाज के लिए रामानुजगंज (छत्तीसगढ़) से रांची जा रहे शंकर पासवान (40 वर्ष) की मौत बुधवार को हो गयी. एंबुलेंस के अभाव में शव इंदिरा गांधी चौक के समीप ढाई घंटे रखा रहा. परिजन एंबुलेंस का इंतजार करते रहे. बाद में थाना प्रभारी मिथिलेश सिंह व एसआइ ओझाजी की मदद से शव को रामानुजगंज पहुंचाने के लिए वाहन का इंतजाम किया गया. तब परिजनों ने राहत की सांस ली. जानकारी के अनुसार रामानुज गंज से शंकर पासवान को इलाज हेतु पत्नी शेवरी देवी, बहनोई रामजी पासवान व साला कार्तिक पासवान जय बाला बस से रांची के लिए चले थे. लातेहार के करीब बस में ही शंकर की मौत हो गयी.
बस वालों ने चंदवा में शव समेत परिजनों को उतार कर अपना पल्ला झाड़ लिया. परिजन इंदिरा गांधी चौक के समीप शव लेकर बैठे रहे. इसी दौरान पत्रकारों समेत कई नागरिक परिजनों के पास पहुंचे. अजय वैद्य, सुरेंद्र वैद्य, अजय चौधरी, सुमन सुनील सोरेंग, मुबारक आलम, अनिल कुमार आदि ने पुलिस प्रशासन की मदद से शव को पैतृक गांव भिजवाया.
गौरतलब है कि चुनाव के मद्देनजर गाड़ियों की धर-पकड़ जारी है. इस कारण सड़क पर वाहन नहीं दिख रहे हैं. वहीं 27 मार्च को माओवादी बंद के कारण कोई वाहन छत्तीसगढ़ जाना नहीं चाह रहा था.
