कोडरमा. रमेश प्रसाद यादव शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में शनिवार को हिंदी दिवस पर महाविद्यालय के सभागार में आवेदन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. नेतृत्व सहायक प्राध्यापक विनोद यादव ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ लक्ष्मी सरकार व सहायक प्राध्यापकों ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर व द्वीप प्रज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम का विषय प्रवेश सहायक प्राध्यापक राजेश पांडेय ने किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ लक्ष्मी सरकार ने कहा कि महात्मा गांधी ने हिंदी को आमजन की भाषा बताया था, इसलिए इसे राष्ट्रीय भाषा का दर्जा दिया गया. सिर्फ हमारा ही देश नहीं, बल्कि दक्षिण प्रशांत महासागर क्षेत्र में फिजी में भी हिंदी को आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया गया है. भारत फिजी के अलावा मॉरीशस, फिलीपींस, नेपाल, गुयाना, सुरिनाम, त्रिनिदाद, तिब्बत में कुछ परिवर्तनों के साथ ही सही लेकिन हिंदी बोली और समझी जाती है. कोई भी भाषा तभी बचती है, जब शब्द बचते हैं, गढ़े जाते हैं, साहित्य रचा जाता है और ज्ञान का निर्माण होता है. देश को एकता के सूत्र में बांधने वाली हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि भावों की अभिव्यक्ति है. प्रतियोगिता में प्रथम गुंजा भारती, द्वितीय सुरदीप प्रसाद निराला व तृतीय स्थान पर श्याम बाबू रहे. सभी विजेताओं को संत्वाना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार ने किया. मौके पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं प्रशिक्षु मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
