कार्रवाई. पुलिस के साथ वन विभाग की टीम ने सुजानपुर में मारा छापा कोडरमा बाजार. वन विभाग की टीम ने मंगलवार को भारी मात्रा में विभिन्न प्रजातियों की चिरान लकड़ियां जब्त की. साथ ही अवैध रूप से लकड़ियों के खरीद फरोख्त करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में केवल साव और सूरज साव शामिल हैं. यह कार्रवाई डीएफओ सौमित्र शुक्ल के नेतृत्व में की गयी. बरामद लकड़ियों की कीमत 15 लाख से भी अधिक बतायी जाती है. डीएफओ श्री शुक्ल ने बताया कि एसपी कोठी के पीछे स्थित सुजानपुर के एक मकान में भारी मात्रा में अवैध लकड़ियों के खरीद फरोख्त किये जाने की सूचना मिली थी. सूचना के आलोक में उक्त मकान पर नजर रखी जा रही थी. सोमवार देर रात्रि को पुनः सूचना मिली कि उक्त मकान में वाहनों द्वारा भारी मात्रा में लकड़ियों को लाकर भंडारण किया जा रहा है. इसके बाद वन विभाग की टीम गठित की गयी और इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को देते हुए पुलिस बल की मांग की गयी. उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह वन विभाग और पुलिस टीम के साथ उक्त मकान में छापामारी की गयी. इस दौरान मकान के बेसमेंट में बने बड़े गोदाम में अलग-अलग प्रजातियों की लकड़ियां भारी मात्रा में बरामद हुईं. बरामद चिरान लकड़ियों में शीशम, गम्हार, सखुआ, अकेशिया, सागवान आदि के विभिन्न साइज में चिरान लकड़ियां शामिल हैं. उन्होंने बताया कि उक्त मकान से करीब 13 ट्रैक्टर लकड़ियां बरामद की गयी हैं. जब्त लकड़ियों की कीमत जब्ती सूची बनाने के बाद ही पता चल पायेगा, लेकिन बरामद लकड़ियों को देखकर इसकी अनुमानित कीमत 15-20 लाख हो सकती है. डीएफओ ने बताया कि अवैध रूप से लकड़ियों के खरीद फरोख्त के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों से वन विभाग की टीम पूछताछ कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरफ्तार तस्करों द्वारा इतने बड़े पैमाने पर लकड़ियों को कहां से तस्करी कर लाया गया. साथ ही इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं. छापामारी अभियान में डीएफओ के अलावा रेंजर रामबाबू कुमार, कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान, वनरक्षी पूनम कुमारी, शशि सिंह, गोपाल यादव आदि शामिल थे़
लाखों रुपये की लकड़ियां जब्त, दो गिरफ्तार
पुलिस के साथ वन विभाग की टीम ने सुजानपुर में मारा छापा
