कोडरमा : खाद्य सुरक्षा एवं तंबाकू नियंत्रण को लेकर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और टोबैको कंट्रोल सेल की संयुक्त टीम ने कोलटेक्स, जे.जे. कॉलेज और होली फैमिली हॉस्पिटल के आसपास ठेला-खोमचा और फूड स्टॉलों की जांच की. इस दौरान करीब 15 फूड स्टॉलों का निरीक्षण किया गया.
जे.जे. कॉलेज के समीप एक ठेले पर बिक रहे छोले में कैंसरकारक अखाद्य रंग पाया गया, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया. जांच टीम ने पनीर, खोआ, मिठाई, चाट, छोले और चटनी की गुणवत्ता भी जांची.
दुकानदारों को खाद्य रंग और मिलावटी मिठाई को लेकर हिदायत
दुकानदारों को केवल एफएसएसएआई से मान्य खाद्य रंग निर्धारित मात्रा में इस्तेमाल करने तथा मिलावटी मिठाई की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया गया. कई प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस नहीं मिला. ऐसे दुकानदारों को लाइसेंस के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया गया.
ये भी पढ़ें: रांची के पूर्व DDC सुनील सिंह ने आत्महत्या से पहले लिखा 8 पन्नों का सुसाइड नोट, पत्नी से कहा- माफ करना, साथ न दे सका
खुला सिगरेट और गुटखा बेचने पर तीन दुकानदारों से जुर्माना
जांच के दौरान खुला सिगरेट और गुटखा बेचने के मामले में तीन दुकानदारों से कुल 1500 रुपये जुर्माना वसूला गया. दुकानदारों को कोटपा कानून की जानकारी देते हुए स्कूल, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गयी.
फफूंद लगे केक के 15 पैकेट नष्ट
वहीं फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप से मिली शिकायत पर जयनगर मोड़ स्थित मेधा दूध दुकान की जांच में फफूंद लगे केक के 15 पैकेट नष्ट किये गये.
झंडा चौक स्थित तिलैया ग्रेन किराना दुकान को मिथ्याछाप चूड़ा बेचने की शिकायत पर नोटिस दिया गया. वहीं बंदना स्वीट्स का निरीक्षण कर लाइसेंस में संशोधन, खाद्य पैकेटों पर यूज बाय व बेस्ट बिफोर तिथि अंकित करने और कर्मियों को खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया.
ये भी पढ़ें: कोडरमा में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर जलजमाव; महाराणा प्रताप चौक पर फंसी SDM की गाड़ी
