सतगावां. थाना क्षेत्र के महथाखैरा गांव के समीप बुधवार रात टोटो और बाइक के बीच टक्कर हो गयी. हादसे में टोटो चला रहे युवक की मौत हो गयी. वहीं टोटो में सवार अन्य एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. सतगावां पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है. गंभीर रूप से घायल युवक काे सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया. हादसे के बाद बाइक सवार भागने में सफल रहा. जानकारी के मुताबिक बुधवार की देर रात को बासोडीह-नवादा मुख्य सड़क पर महथाखैरा गांव के निकट बाइक सवार और टोटो के बीच सीधी टक्कर हो गयी. हादसे में टोटो चालक माधोपुर निवासी 20 वर्षीय कन्हैया कुमार ने घटनास्थल पर ही मौत दम तोड़ दिया. वहीं 22 वर्षीय सचिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है.
ट्रेलर के धक्के से एक युवक की मौत, दो घायल
कोडरमा बाजार. कोडरमा थाना क्षेत्र के कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर जलालाबाद के समीप ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान 25 वर्षीय रवि कुमार (आरा, बिहार) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार बाइक पर तीन युवक सवार होकर कोडरमा बाजार की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान जलालाबाद चौक के समीप ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं दो युवक घायल हो गये. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ट्रेलर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
