जयनगर. गैर सरकारी संगठन वनवासी विकास आश्रम की ओर से विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बाल- विवाह मुक्त कोडरमा बनाने को लेकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. राजकीयकृत प्लस टू उवि जयनगर व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वनवासी विकास आश्रम के सुरेश कुमार शक्ति ने कहा कि कोडरमा को एक वर्ष के अंदर बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए उनका संगठन सरकार एजेंसियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगा. बताया कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का 27 नवंबर को एक वर्ष पूरा होने पर वनवासी विकास आश्रम द्वारा स्कूलों, ग्रामीण समुदायों व अन्य स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. यह 100 दिवसीय अभियान देश की दशा व दिशा बदलने वाला साबित होगा. सदियों से हमारी बेटी को अवसरों से वंचित किया गया है और विवाह के नाम पर उनका शोषण हुआ. उन्होंने बताया कि इस अभियान का आखिरी चरण आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संपन्न होगा. पहला चरण 31 दिसंबर तक चलेगा. इसमें स्कूल, कॉलेज व शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. एक से 31 जनवरी के बीच दूसरे चरण में मंदिर, मस्जिद, चर्च व गुरुद्वारा आदि पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा. कार्यक्रम में सामुदायिक कार्यकर्ता सुधीर कुमार राणा, दिलीप राणा, सुचिता कुमारी, फुलकुमारी, विकास कुमार आदि का योगदान सराहनीय रहा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
