जैन संतों की सुरक्षा को लेकर निकाली मौन रैली

रीवा में दो जैन साध्वी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से आहत है जैन समाज

रीवा में दो जैन साध्वी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से आहत है जैन समाज झुमरीतिलैया. जैन संतों की सुरक्षा को लेकर शहर में सोमवार को जैन समाज ने मौन रैली निकाली. रैली के माध्यम से राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाने की मांग रखी गयी. रैली बड़ा जैन मंदिर स्टेशन रोड से निकल कर झंडा चौक, पूर्णिमा टॉकीज ओवर ब्रिज होती हुई पानी टंकी रोड स्थित जैन मंदिर पहुंची. रैली में शामिल तिलैया जैन समाज के महिला, पुरुष व बच्चों ने काला बिल्ला लगाकर अपना गुस्सा प्रकट किया. बता दें कि गत दिन मध्य प्रदेश के रीवा में पैदल चल रही दो जैन साध्वी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी. समाज के लोगों की मानें, तो इस घटना से ऐसा प्रतीत होता है कि यह लापरवाही ड्राइविंग का नतीजा था. इस घटना के विरोध में सुबह में सबसे पहले जैन मंदिर में 15 मिनट का णमोकार मंत्र का जाप किया गया. जैन साध्वी की सड़क दुर्घटना में मौत पर पूरे भारतवर्ष का जैन समाज आक्रोशित एवं आंदोलित है. सभी ने जैन साध्वी पूज्य आर्यिका माताजी के साथ हुई दुखद सड़क दुर्घटना और उसमें उनकी असामयिक मौत के विरोध में अपनी गहरी वेदना और आक्रोश व्यक्त करने के लिए सड़कों पर उतर कर मौन धारण कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. जैन समाज के उप मंत्री नरेंद्र जैन झांझरी ने बताया कि जैन साधु साध्वी पैदल पद विहार करते हैं, धर्म प्रभावना करते हैं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल चलते वक्त उन्हें विशेष सुरक्षा सरकार को उपलब्ध करानी चाहिए. यह घटना केवल एक सामान्य सड़क दुर्घटना प्रतीत नहीं होती, बल्कि इसके पीछे गहरी साजिश की आशंका है. इसी के विरोध में और देश भर में पदविहार करने वाले जैन साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस रैली का आह्वान किया गया है. वार्ड पार्षद पिंकी जैन ने कहा कि जैन संत हमेशा जीवन भर पूरे भारतवर्ष में पैदल भ्रमण करते हुए अहिंसा और शांति का पाठ पढ़ाते हैं. कभी भी वाहन का प्रयोग नहीं करते हैं, परंतु भारत सरकार और राज्य सरकारों द्वारा उनके भ्रमण पर उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की जाती है. राष्ट्रीय राजमार्गों पर पैदल चलने वाले के लिए एक सुरक्षा घेरा होना चाहिए. मौन रैली में सह मंत्री राज जैन छाबड़ा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र जैन काला, भंडारी सुनील जैन सेठी, समाज के वरिष्ठ सदस्य सुरेश जैन झांझरी, सुशील जैन छाबड़ा, ललित जैन सेठी, जय कुमार जैन गंगवाल, सुनील जैन छाबड़ा, किशोर जैन पांड्या दिल्ली, संजय जैन, सुनील जैन अजमेरा, स्थानीय पंडित अभिषेक जैन शास्त्री, महिला समाज की अध्यक्ष नीलम जैन सेठी, सचिव आशा जैन गंगवाल, वीणा झाझंरी, जैन समाज के मीडिया प्रभारी राजकुमार जैन अजमेरा, नवीन जैन आदि शामिल थे. भारत सरकार के नाम सौंपा ज्ञापन : रैली के समापन पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा जिला प्रशासन व पुलिस अधीक्षक को गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और भारत सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन के माध्यम से सरकार के समक्ष यह मांग रखी गयी कि जैन साध्वी माताजी दुर्घटना प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच करायी जाये. घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज व डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई हो. विहार मार्गों पर प्रशासनिक समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग, ट्रैफिक नियंत्रण, चेतावनी संकेतक और हाईवे तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था तत्काल लागू की जाये. इसके अलावा अन्य मांग शामिल हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >