पेट्रोल-डीज़ल महंगा, अधिकांश पंपों पर आपूर्ति सामान्य

अमेरिका-इजराइल व ईरान के बीच चल रहे जंग व खाड़ी देशों में उत्पन्न विपरीत स्थिति के बाद देश भर में पेट्रोल-डीजल का खपत कम करने की अपील हो रही है़

सुजल भदानी, झुमरीतिलैया. अमेरिका-इजराइल व ईरान के बीच चल रहे जंग व खाड़ी देशों में उत्पन्न विपरीत स्थिति के बाद देश भर में पेट्रोल-डीजल का खपत कम करने की अपील हो रही है़ वहीं इस बीच जिले में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. पेट्रोल के दाम में करीब 3.60 रुपये प्रति लीटर और डीजल में लगभग 3.11 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है. कीमत बढ़ने का असर आम उपभोक्ताओं पर साफ दिख रहा है. हालांकि, शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति फिलहाल सामान्य बनी हुई है. एक-दो जगहों पर आपूर्ति कम होने की वजह से कम डीजल दिया जा रहा है, पर अधिकतर पंपों में स्थिति सामान्य है़ सामंतों पेट्रोल पंप पर सामान्य मात्रा में मिल रहा ईंधन शहर में स्थित इंडियन ऑयल के सामंतों पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को पेट्रोल और डीज़ल दोनों उपलब्ध था. यहां सभी वाहनों को जरूरत के अनुसार ईंधन दिया जा रहा था, लेकिन दोपहिया वाहनों के लिए न्यूनतम 500 रुपये का पेट्रोल लेने की व्यवस्था दिखी. पंप प्रबंधक मनीष कुमार ने बताया कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद स्थिति सामान्य है. मुख्य बाजार में पंप होने के कारण कई बड़े प्रतिष्ठानों और मॉल के जेनरेटर के लिए गैलन में डीज़ल देना पड़ता है. ऐसे उपभोक्ताओं के लिए न्यूनतम 20 लीटर डीज़ल की सीमा तय की गयी है. अशनावाद पेट्रोल पंप में भी आपूर्ति सामान्य अशनावाद स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल और डीज़ल उपलब्ध है. हालांकि, सुरक्षा कारणों से गैलन और बोतल में पेट्रोल देने पर रोक लगा दी गई है. पंप प्रबंधन के अनुसार डीज़ल की बिक्री के लिए प्रतिदिन 2000 लीटर तक की अनुमति मिली है. नियमित रूप से टैंकर पहुंचने के कारण फिलहाल किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है. रिलायंस पंप पर बिना लिमिट मिल रहा तेल रांची-पटना बाईपास रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीज़ल की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है. यहां उपभोक्ताओं को बिना किसी सीमा के ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है. यहां पूरी तरह स्थिति सामान्य दिखी़ श्री साई फ्यूल्स में खत्म हुआ स्टॉक शहर के बाईपास रोड स्थित भारत पेट्रोलियम के श्री साई फ्यूल्स पेट्रोल पंप में गुरुवार शाम से पेट्रोल और डीज़ल का स्टॉक समाप्त हो गया़ इसके बाद पंप को बंद करना पड़ा. पंप प्रबंधक धीरज यादव ने बताया कि बोकारो से ईंधन लेकर टैंकर रवाना हो चुका है और शुक्रवार देर रात तक पहुंचने की संभावना है. इसके बाद सामान्य रूप से बिक्री शुरू कर दी जाएगी. उन्होंने बताया कि कमी को देखते हुए चारपहिया वाहनों को अधिकतम 1000 रुपये तक का ईंधन देने तथा बड़े वाहनों को 150 लीटर तक डीज़ल देने के निर्देश दिये गये हैं. ——————— पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर जरूर है, लेकिन हमारे पंप पर आपूर्ति सामान्य है. जरूरत के अनुसार सभी वाहनों को ईंधन दिया जा रहा है. —————मनीष कुमार, प्रबंधक, सामंतो पेट्रोल पंप —————— स्टॉक नहीं रहने के कारण गुरुवार शाम से पंप बंद है. उम्मीद है कि शुक्रवार देर रात तक नया स्टॉक पहुंच जाएगा, जिसके बाद बिक्री सामान्य हो जाएगी. ————-विमलेश यादव, कर्मी, श्री साई फ्यूल्स

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash nath

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >