झुमरीतिलैया: आगामी स्वतंत्रता दिवस और बरसात के मौसम को देखते हुए झुमरी तिलैया नगर परिषद में मंगलवार को शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने की. उन्होंने सभी सफाई सुपरवाइजर, अधिकारियों और कर्मियों को साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.
अध्यक्ष ने कहा कि बरसात के दौरान डेंगू, मलेरिया सहित संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इसे देखते हुए सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. जहां कचरा और गंदगी जमा है, वहां तत्काल सफाई कराने तथा नालियों में ब्लीचिंग पाउडर, चूना और अन्य आवश्यक रसायनों का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
उपाध्यक्ष मनोहर कुमार राम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और बरसात को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. बैठक के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष ने कनीय अभियंता वेद प्रकाश पटेल को स्पष्टीकरण नोटिस भी जारी किया.
नोटिस में कहा गया है कि नगर परिषद बोर्ड की पहली बैठक में शहर की खुली नालियों पर स्लैब लगाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन बार-बार मौखिक निर्देश देने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी. खुली नालियों के कारण आम लोगों को परेशानी और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है.
अध्यक्ष ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. बैठक में सिटी मैनेजर रणधीर कुमार वर्मा, वार्ड पार्षद शमीम आलम, मनोज वर्मा, सफाई निरीक्षक लोकेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
