50 हजार से अधिक शिव भक्तों ने किया जलाभिषेक

हाशिवरात्रि के मौके पर ध्वजाधारीधाम धाम में आयोजित दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के पहले दिन पहाड़ की चोटी से लेकर तलहटी तक शिवभक्तों की सैलाब उमड़ पड़ी

——————

महाशिवरात्रि पर ध्वजाधारीधाम में दो दिवसीय महोत्सव की शुरुआत

पहले दिन उमड़ी शिवभक्तों की भीड़, बम बम भोले और हर हर महादेव के जयकारे गूंजे

———————–

प्रतिनिधि

कोडरमा बाजार. महाशिवरात्रि के मौके पर ध्वजाधारीधाम धाम में आयोजित दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के पहले दिन पहाड़ की चोटी से लेकर तलहटी तक शिवभक्तों की सैलाब उमड़ पड़ी. आलम यह था कि कोडरमा बाजार से लेकर ध्वजाधारीधाम तक भक्तों का रेला लगा हुआ था. बम बम भोले, हर हर महादेव ,जय भोलेनाथ का जय घोष करते हुए देर शाम तक भक्तों ने भगवान शिव माता पार्वती की पूजा अर्चना कर मंगला कामना की, तो वहीं 778 सीढ़ियां चढ़ कर पहाड़ की चोटी पर अवस्थित शिवलिंग का जलाभिषेक किया. एक अनुमान के मुताबिक शिवरात्रि के पहले दिन करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. इसके पूर्व सुबह करीब 10 बजे दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का उदघाटन धाम के मुख्य महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज, विधायक डॉ नीरा यादव, जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर डोमचांच प्रमुख सत्यनारायण यादव, जिप सदस्य महेंद्र प्रसाद यादव, राजकुमार यादव, गजेंद्र राम, मनोज कु झुन्नू, विनय कुमार सिंह, विजय सिंह, यमुना यादव, विनोद कुमार मुन्ना, सुनील यादव, शम्भू प्रसाद, अजय पांडेय सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे.

मेला को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय दिखे

ध्वजाधारी धाम में महाशिवरात्रि के मौके पर आयोजित दो दिवसीय मेले के सफल आयोजन में गजेंद्र राम, सुनील यादव, अशोक यादव, मंटू विश्वकर्मा, प्रेम साव ,अजित कुमार गोराई, विनोद कुमार मुन्ना, यमुना यादव, बैजनाथ यादव, राजेन्द्र सिंह, अशोक महतो, शशि सिंह, सन्दीप कु साव, गोपाल यादव, मनीष कुमार आदि की अहम भूमिका रही.

आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ बनाये गये तोरण द्वार

महाशिवरात्रि को लेकर पूरे पहाड़ परिसर और मुख्य द्वार तथा पहाड़ की चोटी तक आकर्षक विद्युत व्यवस्था की गयी है. पहाड़ परिसर को पूरी तरह सजाया गया है श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था की गयी थी. देर रात्रि में देवाधिदेव भगवान महादेव और माता पार्वती की विवाह कार्यक्रम स्थानीय पुरोहित मुकेश पांडेय के द्वारा सम्पन्न कराया गया. विवाह उपरांत भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना की गयी. महाशिवरात्रि के मौके पर कोडरमा समेत हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह और बिहार राज्य के सीमावर्ती जिला नवादा और गया से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. महोत्सव के पहले दिन जम कर मुंडन संस्कार किया गया. यहां मान्यता है कि छोटे बच्चों का पहाड़ पर मुंडन करवाने से बच्चे संस्कारी, ज्ञानी बनने के साथ बड़े होकर जीवन में उल्लेखनीय कार्य करते हैं. ध्वजाधारीधाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पहाड़ परिसर से लेकर पहाड़ की चोटी तक सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद नजर आया. पहाड़ एवं आसपास के मंदिरों व प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं, जिससे पूरे मेले पर नजर रखी जा रही है. इसके अलावा चप्पे चप्पे पर महिला और पुरुष बल की तैनाती की गई है. साथ ही नियंत्रण कक्ष से भी मेले की निगरानी की जा रही है.

वाहनों के रूट बदले गये

महाशिवरात्रि के मौके पर ध्वजधारीधाम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए दो दिनों के लिए गाड़ियों के रूट में बदलाव किया गया. पंजाब होटल के समीप स्थित हनुमान मंदिर से गाड़ियों का रूट में परिवर्तन किया गया. बड़े वाहनों को हनुमान मंदिर से होते हुए लोकाई स्थित सन्त क्लेयर्स स्कूल के निकट से बाईपास होते हुए बागीटांड की ओर निकाला जा रहा था. इसी तरह पटना की ओर से आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से रांची या अन्य गंतव्य की ओर रवाना किया गया. सिर्फ छोटे वाहनों को हनुमान मंदिर से कोडरमा बाजार होते हुए समाहरणालय तक जाने की अनुमति थी.

महाशिवरात्रि का इतिहास काफी पौराणिक है : महामंडलेश्वर

ध्वजाधारी धाम के मुख्य महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने कहा कि शिवरात्रि का इतिहास काफी पौराणिक है. सदियों से शिवरात्रि मनाने की परंपरा चली आ रही है, यह काफी सुखद अनुभूति है कि कर्दम ऋषि के तपोवन भूमि में वर्षों से शिवरात्रि का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि विधि व्यवस्था बनाये रखते हुए महोत्सव का आनन्द लें. उन्होंने कहा की देवों के देव महादेव को शिवरात्रि बेहद प्रिय है, ऐसे में सच्चे मन से जो भी भक्त इस दिन भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा अर्चना करते हैं तो उन्हें भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है. उन्होंने जिलेवासियों, जिला व पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों ,स्थानीय जनप्रतिनिधियों से दो दिवसीय महोत्सव को शांतिपूर्ण सम्पन्न करवाने की अपील की.

शिवशक्ति की आराधना से मिलती है ऊर्जा : जिप अध्यक्ष

जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव और आदिशक्ति मां पार्वती बहुत दयालु है ,दुखियों की समस्याओं को दूर करते है, असुरों का संहार करते है. इनकी पूजा अर्चना करने से काफी ऊर्जा और असीम शांति मिलती है. उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से धाम को विकसित किया जा रहा है और यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का कष्ट न हो.

ध्वजाधारी बाबा सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं :: विधायक

विधायक डॉ नीरा यादव ने कहा कि ध्वजाधारी पहाड़ की महिमा अपरंपार है, जो भी भक्त यहां सच्चे मन से मत्था टेकते हैं, उनका झोली खुशियों से भर जाता है. ध्वजाधारी बाबा के दहलीज पर आने वाले भक्त कभी भी खाली हाथ नहीं लौटते हैं बल्कि भक्तों की झोली खुशियों से भर जाता है. विधायक ने श्रद्धालुओं को शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महोत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखें.

एसडीओ और एसडीपीओ घूम घूम कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे

दो दिवसीय मेले के पहले दिन ओमप्रकाश मंडल और एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह सुबह से लेकर देर शाम तक ध्वजाधारी धाम में घूम- घूम कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. वहीं धाम में जगह जगह पर प्रतिनियुक्त किये गये पुलिस पदाधिकारियों व दंडाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी लेते दिखे.

शांति व्यवस्था बनाये रखते हुए त्योहार का आनंद लें : एसपी

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने महाशिवरात्रि के पहले दिन ध्वजाधारी धाम का औचक निरीक्षण कर विधि व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में एसपी ने धाम परिसर के प्रवेश द्वार से लेकर पहाड़ की तलहटी समेत मेला के चप्पे चप्पे का का निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को कई निर्देश दिये. एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, खास कर श्रद्धालु महिलाओं, युवतियों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दो दिवसीय मेला के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक प्रबंध किया गया है, असामाजिक और मनचलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >