जयनगर में कुएं में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत, घटना की जांच में जुटी पुलिस

जयनगर के पेठियाबागी में गुरुवार रात एक युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई. पत्नी से हुए विवाद के बाद उसने कुएं में छलांग लगा दी थी. पिता ने पैर फिसलने की बात कही है, वहीं ग्रामीण अन्य कारण बता रहे हैं.

जयनगर. थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार की रात पत्नी से विवाद के बाद युवक ने घर के आंगन में बने कुएं में छलांग लगा दी, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक साव उर्फ कल्लू साव के रूप में हुई है. वह राशन की दुकान चलाता था.

दुकान बंद कर घर पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात कल्लू साव दुकान बंद कर घर पहुंचा था. इसके कुछ देर बाद किसी बात को लेकर पत्नी से उसका विवाद हो गया. बताया जाता है कि गुस्से में आकर वह घर के आंगन में बने कुएं में कूद गया.

कल्लू को तैरना आता था, इसलिए परिजनों और आसपास के लोगों ने कुएं में कूदने की घटना को गंभीरता से नहीं लिया. लोगों को लगा कि वह हमेशा की तरह खुद ही कुएं से बाहर निकल आयेगा.

काफी देर बाद कुएं में स्थिर मिला

काफी देर तक कल्लू के बाहर नहीं आने पर परिजन और ग्रामीण कुएं के पास पहुंचे. झांककर देखने पर कल्लू पानी की ऊपरी सतह पर स्थिर पड़ा मिला. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे कुएं से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर ले जाया गया.

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पिता ने पैर फिसलने से कुएं में गिरने की बात कही

इधर, मृतक के पिता छोटन साव ने बताया कि कल्लू दुकान से आने के बाद कुएं के पास हाथ-पैर धोने गया था. इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गयी.

वहीं, ग्रामीणों के अनुसार कल्लू का अक्सर पत्नी से विवाद होता था और पूर्व में भी वह गुस्से में कुएं में छलांग लगा चुका था. कुछ देर बाद वह खुद बाहर निकल आता था.

पुलिस कर रही घटना की जांच

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है. परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है. मौत की वास्तविक वजह को लेकर सामने आये अलग-अलग बयानों की भी पुलिस जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

विकास कुमार को 17 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव है. प्रभात खबर में वर्ष 2012 से जुड़े हुए हैं. बतौर ब्यूरो प्रमुख कोडरमा में सेवाएं दे रहे हैं. इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म के साथ क्राइम व पॉलिटिक्स की खबरों पर अच्छी पकड़ है. प्रभात खबर से पहले दैनिक जागरण से जुड़े रहे हैं. नयी दिल्ली, नोएडा व पंजाब जैसे शहरों में कार्य कर चुके हैं. इन्हें रिपोर्टिंग के साथ डेस्क पर भी वर्षों काम करने का अनुभव है. कोडरमा से रिपोर्टिंग के दौरान इन्होंने शिक्षक नियुक्ति घोटाला, कल्याण विभाग में घोटाला सहित कई गड़बड़ियों को उजागर किया है. इनकी अवैध खनन को लेकर की गयी बेहतरीन व अलग रिपोर्टिंग के लिए भी इनकी खुले मंच पर प्रशंसा हो चुकी है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >