कोडरमा में उड़ रही है लॉकडाउन के नियमों की धज्जियां, छात्राओं को स्कूल बुलाकर दिया गया मध्यान भोजन का चावल

लॉक डॉउन के बीच झुमरी तिलैया शहर के सीडी गर्ल्स स्कूल में छात्राओं को एक साथ बुला कर मध्यान भोजन के चावल का वितरण किया गया.

कोडरमा : बिहार के सीमावर्ती जिले कोडरमा में लॉकडाउन व धारा 144 का अनुपालन सही से नहीं होता दिख रहा है. जिला प्रशासन के द्वारा बॉर्डर को पूरी तरह सील किए जाने के दावे की हवा निकलती दिख रही है. बॉर्डर सील करने के कुछ घंटे बाद ही देर रात जहां दूसरे प्रदेशों की कुछ गाड़ियां जिले में सरपट दौड़ती दिखी तो दूसरी ओर मंगलवार सुबह लॉक डॉउन के बीच झुमरी तिलैया शहर के सीडी गर्ल्स स्कूल में छात्राओं को एक साथ बुला कर मध्यान भोजन के चावल का वितरण किया गया.

जबकि विभागीय निर्देशानुसार बच्चों को स्कूल में नहीं बुलाना है. मामला संज्ञान में आने पर डीसी रमेश घोलप ने इसका संज्ञान लिया है. उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जांच का निर्देश दिया है. साथ ही किसी भी हाल में बच्चों को मध्यान भोजन का चावल लेने के लिए स्कूल में नहीं बुलाने का निर्देश दिया है.

इधर दूसरे प्रदेशों से मजदूरों और अन्य लोगों का आना विभिन्न माध्यमों से जारी है. मंगलवार को भी कई मजदूर पैदल तो कई साइकिल से अपने गंतव्य की ओर जाते दिखे. रांची पटना रोड स्थित बाईपास में एक मजदूर ने बताया कि वह इलाहाबाद से चलकर यहां पहुंचा है. रास्ते में वो किसी वाहन से लिफ्ट भी लिया.

जबकि एक दूसरे मजदूर ने बताया कि वह सोनीपत से निकला था. बीती रात झारखंड बॉर्डर पर उसे रोक दिया गया. रात 12 बजे के करीब 15 सहयोगियों के साथ वह किसी तरह वहां से निकल गया और पैदल चलकर यहां पहुंचा है. उसे गिरिडीह जिले के तीसरी जाना था.

इधर गिरिडीह जिले के ही जमुआ के रहने वाले 2 मजदूर साइकिल से जाते दिखे उन्होंने बताया कि वे मिर्जापुर से ही साइकिल से आ रहे हैं करीब 350 किलोमीटर का सफर उन्होंने चार दिन में तय किया है.

कंटेनर से आ रहे थे लोग, सभी को क्वॉरेंटाइन में भेजा गया

इधर बॉर्डर सील किए जाने व लगातार चल रही जांच का कुछ असर भी दिख रहा है. जिले के नवलसाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियारडीह में पुलिस ने जांच के दौरान एक कंटेनर से 40 मजदूरों को उतारकर सभी को नजदीकी क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा है. इससे पूर्व सोमवार शाम को भी एसपी एम तमिल वानन ने बागी टांड चेकनाका पर एक कंटेनर से 13 मजदूरों को उतारकर क्वॉरेंटाइन सेंटर में भेज दिया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

Published by: Prabhat Khabar

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >