डोमचांच से सुनील कुमार की रिपोर्ट
कोडरमा: कोडरमा के डोमचांच प्रखंड के नावाडीह पंचायत के वार्ड नंबर सात में बारिश के बाद सड़क पर जलजमाव की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है. लंबे समय तक पानी जमा रहने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार कई बार जलजमाव का पानी आसपास के घरों में भी प्रवेश कर जाता है. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. लगातार पानी जमा रहने के कारण सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बनी हुई है.
वार्ड सात निवासी गंगा कुमारी ने बताया कि सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र महीने में श्रद्धालुओं को भी इसी गंदे पानी से होकर पूजा करने के लिए जाना पड़ रहा है.
ग्रामीणों का आरोप है कि जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय मुखिया की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. लोगों ने संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
