कोडरमा बाजार. जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ रमण कुमार ने जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र बेंदी और गझंडी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया. उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, फार्मेसी, ओपीडी, टीकाकरण और एनसीडी कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
बीपी-शुगर जांच के साथ कैंसर स्क्रीनिंग पर जोर
चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य कर्मियों को एनसीडी पोर्टल हमेशा अपडेट रखने का निर्देश दिया गया. साथ ही बीपी और शुगर की जांच के साथ सर्वाइकल, ब्रेस्ट और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग में तेजी लाने तथा संदिग्ध मरीजों की पहचान करने को कहा गया. उन्होंने ओपीडी रजिस्टर और फार्मेसी में दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की.
इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर बेंदी के नजदीक आंगनबाड़ी केंद्र में चल रहे टीकाकरण सत्र का निरीक्षण किया. आंगनबाड़ी सेविका से पोषण संबंधी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिये.
सीएचओ और अतिरिक्त एएनएम की मांग
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मयूरी सिन्हा ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सफल संचालन के लिए सीएचओ और अतिरिक्त एएनएम की मांग की. इस पर डॉ रमण कुमार ने समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया.
इसके बाद उन्होंने गझंडी में कुष्ठ मरीज के घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच की और जरूरी दवाइयां उपलब्ध करायीं. मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक शैलेंद्र तिवारी, एएनएम कविता कुमारी, प्रीति कुमारी, सहिया कलावती देवी, सहिया साथी बबीता कुमारी, बंटी कुमार आदि मौजूद थे.
