जयनगर(कोडरमा). थाना क्षेत्र के सतडीहा पंचायत अंतर्गत नवादा गांव में नवविवाहिता कोशिला कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मृतका के पति अजीत यादव को गिरफ्तार कर कोडरमा जेल भेज दिया. घटना गुरुवार की बतायी जा रही है. मृतका के भाई सलैया कोडरमा निवासी कुलदीप यादव के आवेदन पर जयनगर थाना में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दर्ज मामले में पति अजीत यादव, ससुर प्रकाश यादव, सास द्रौपती देवी, सुनील यादव, अजय यादव, आरती देवी एवं सीमा देवी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. परिजनों ने आरोप लगाया था कि दहेज की मांग को लेकर कोशिला कुमारी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था तथा मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गयी. उल्लेखनीय है कि गुरुवार को हुई घटना के बाद शनिवार शाम पोस्टमार्टम के उपरांत मृतका के परिजन शव लेकर जयनगर थाना पहुंचे थे और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी थी. करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा. बाद में पुलिस एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ था. इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को मृतका के पति अजीत यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है.
दहेज हत्या मामले में पति गिरफ्तार, जेल भेजा गया
भाई के आवेदन पर जयनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
