मरकच्चो. नवलशाही थाना प्रभारी के रवैये से नाराज़ हाइवा संचालक ने बुधवार को थाना भवन के सामने बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर दिया. इससे कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. हाइवा चालक का आरोप था कि गिरिडीह से बोल्डर लेकर आ रहे उनके वाहन को सभी कागजात सही होने के बावजूद थाना प्रभारी ने आगे जाने से रोक दिया और वापस भेज दिया. सूचना मिलने पर वाहन मालिक शंकर यादव मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर वाहन को सड़क पर खड़ा कर दिया. जाम की सूचना पर दर्जनों हाइवा संचालक और चालक भी स्थल पर पहुंच गये. पुलिस ने वाहन हटाने का प्रयास किया लेकिन विरोध के कारण असफल रही. इस बीच राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव भी मौके पर पहुंचे और पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि यह रवैया सरकार को बदनाम करने की कोशिश है.
वाहन को नहीं रोका: थाना प्रभारीथाना प्रभारी ने आरोपों को साजिश करार देते हुए कहा कि उन्होंने वाहन को नहीं रोका. उल्लेखनीय है कि पिछले पंद्रह दिनों से इस मार्ग पर बोल्डर लदे हाइवा का परिचालन बंद है. समाचार लिखे जाने तक जाम तीन घंटे से जारी था और पूर्व विधायक व थाना प्रभारी के बीच वार्ता चल रही थी.
